Bollywood : एक्टर मुकुल देव के निधन के बाद बी-टाउन से एक और दुखद खबर सामने आई है। मिस यूनिवर्स रह चुकी फिल्म अभिनेत्री लारा दत्ता के पिता, रिटायर्ड विंग कमांडर ललित कुमार दत्ता का 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। लारा दत्ता अपने पिता के बेहद करीब थीं और उनके निधन से परिवार, रिश्तेदारों और प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है। लारा, अपने पति और मशहूर टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति के साथ पिता के अंतिम संस्कार में शामिल हुईं और बेहद भावुक नजर आईं।
लारा दत्ता के चेहरे पर अपने पिता को खोने का गहरा दुःख साफ झलक रहा था। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और वीडियो में वे नम आंखों के साथ पिता को अंतिम विदाई देती नजर आईं। महेश भूपति ने भी पत्नी का सहारा बनते हुए उनका पूरा साथ दिया।
गौरतलब है कि विंग कमांडर एल.के. दत्ता भारतीय वायुसेना के एक सम्मानित अधिकारी रहे हैं। उन्होंने देश की सेवा में वर्षों तक अहम भूमिका निभाई। उनकी शख्सियत और अनुशासित जीवन ने लारा की परवरिश और व्यक्तित्व में भी खास प्रभाव डाला।
कुछ दिन पहले ही लारा दत्ता ने अपने पिता का जन्मदिन धूमधाम से मनाया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट साझा की थी, जिसमें उन्होंने पिता को जन्मदिन की बधाई दी थी।
