Bollywood News : साउथ के मशहूर अभिनेता नागार्जुन के छोटे बेटे अखिल अक्किनेनी ने अपनी लंबे समय से प्रेमिका रहीं जैनब रावजी से शादी कर ली है। यह खास और पारिवारिक शादी समारोह आज यानी 6 जून 2025 को हैदराबाद में आयोजित किया गया, जहां परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में दोनों ने सात फेरे लिए।
इस भव्य समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। हालांकि, अखिल और जैनब की ओर से आधिकारिक रूप से अब तक कोई तस्वीर साझा नहीं की गई है, फिर भी जो तस्वीरें सामने आई हैं, उन्होंने फैंस का दिल जीत लिया है।
अखिल जहां पारंपरिक सफेद शेरवानी में दूल्हे के रूप में बेहद हैंडसम लग रहे थे, वहीं दुल्हन बनीं जैनब ने ऑफ-व्हाइट आइवरी साड़ी पहनी, जिसमें बारीक कढ़ाई और हीरे के खूबसूरत आभूषण उनके लुक को बेहद आकर्षक बना रहे थे। सिर पर गजरे से सजे बाल और हाथों में हीरे की चूड़ियां उनके लुक को रॉयल टच दे रही थीं।
शादी की रस्मों में अभिनेता नागार्जुन स्वयं बेटे अखिल के साथ मौजूद रहे और परंपराओं को निभाते नजर आए। नागार्जुन के बड़े बेटे नागा चैतन्य और उनकी पत्नी शोभिता धुलिपाला भी समारोह में शामिल हुए।
गौरतलब है कि अखिल और जैनब करीब तीन साल से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। दोनों ने नवंबर 2024 में सगाई की थी, जिसमें साउथ इंडस्ट्री के कई बड़े नाम जैसे चिरंजीवी और राम चरण भी शामिल हुए थे। सगाई के बाद से ही इनकी शादी की अटकलें लगाई जा रही थीं, जो अब जाकर पूरी हुईं।
