Bollywood News : ‘कहो ना… प्यार है’ से डेब्यू कर लोगों के दिलों में पहचान बनाने वाली बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस अमीषा पटेल ने ऋतिक रोशन के साथ धमाकेदार शुरुआत की थी। यह फिल्म साल 2000 में रिलीज़ हुई और अमीषा रातोंरात स्टार बन गईं। इसके बाद उन्होंने ‘गदर: एक प्रेम कथा’ में सकीना का किरदार निभाकर अपने स्टारडम को एक नया मुकाम दिया। अमीषा पटेल ने हिंदी फिल्मों के अलावा साउथ इंडस्ट्री में भी काम किया और अपने अभिनय के दम पर लाखों दिलों में जगह बनाई।
एक इंटरव्यू के दौरान अमीषा पटेल ने अपनी शादी को लेकर बड़ा खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि वह अपनी जिंदगी से बेहद संतुष्ट हैं और उन्हें किसी तरह की कमी महसूस नहीं होती। उनके अनुसार
“मेरी लाइफ जिस तरह से चल रही है, मैं उससे बहुत खुश हूं। मुझे कंपैनियनशिप की कमी नहीं लगती। मैं अपने काम में इतनी बिजी हूं कि मेरे पास रिश्ते को समय देने का मौका ही नहीं होता।”
अमीषा ने यह भी कहा था कि उन्हें अब तक ऐसा कोई शख्स नहीं मिला, जो उनकी सोच और जीवनशैली को पूरी तरह समझ सके। उन्होंने कहा, “एक पुरुष के लिए किसी सफल महिला की छाया में रहना आसान नहीं होता। उसे मेरी प्राथमिकताओं, लंबे काम के घंटे, अनियमित शेड्यूल और कमिटमेंट्स को समझना होगा। इन सबके बीच मैं किसी रिश्ते को पूरी तरह निभा नहीं सकती और मैं किसी रिश्ते के साथ अन्याय नहीं करना चाहती।”
