Sitaare Zameen par : पिछले महीने रिलीज़ हुई आमिर खान की ‘सितारे ज़मीन पर’, जो उनकी आइकोनिक फिल्म ‘तारे ज़मीन पर’ की एक आत्मिक सीक्वल मानी जा रही है, इस साल की सबसे पसंद की जाने वाली थियेट्रिकल रिलीज़ बन चुकी है।
10 नए चेहरों को लॉन्च करने वाली इस फिल्म की कहानी में हंसी, इमोशन और उम्मीद का जो मेल है, उसने दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों के दिल को छू लिया है। जब ज़्यादातर फिल्ममेकर अपनी फिल्मों को सीधे ओटीटी पर रिलीज़ करने का रास्ता अपना रहे हैं, आमिर ने इसे सिनेमाघरों में लाने का फैसला लिया, जिसे देशभर के सिनेमा मालिकों और एग्ज़िबिटर्स ने खूब सराहा है।
फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर भी ज़बरदस्त प्रदर्शन रहा है। इसने न सिर्फ़ आमिर की सेंसिटिव स्टोरीटेलिंग को फिर से साबित किया है, बल्कि थिएटर में परिवार के साथ देखने वाली फिल्मों की अहमियत को भी एक बार फिर सामने रखा है।
फिल्म की ज़बरदस्त कामयाबी का जश्न मनाने के लिए मल्टीप्लेक्स एग्ज़िबिटर्स की तरफ़ से एक खास शाम रखी गई, जिसमें आमिर खान खुद शामिल हुए। इस इवेंट के दौरान जब एग्ज़िबिटर्स ने आमिर को सम्मान के तौर पर छोटी-छोटी यादगार चीज़ें भेंट कीं, तो वो पल सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए।
