Akshay Kumar : अगर एक्शन फिल्मों को देखना पसंद है तो आप भी ये जानिए कि फिल्मों में किए जाने वाले स्टंट्स बड़े पर्दे पर जितने आसान और शानदार लगते हैं, वो असल में उतने ही खतरनाक होते हैं। हाल ही में डायरेक्टर पा रंजीत की तमिल फिल्म के सेट पर एक स्टंटमैन राजू की दर्दनाक मौत हुई जिससे हर तरफ बवाल मच गया। देशभर में मौजूद स्टंटमैन की सुरक्षा पर सवाल खड़े हुए। अब बॉलीवुड के एक्शन हीरो अक्षय कुमार ने इस मुद्दे को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है।
अक्षय कुमार आमतौर पर अपने स्टंट्स को खुद ही परफॉर्म करते हैं। बहुत कम ऐसा देखा गया कि उन्होंने अपने स्टंट के लिए किसी बॉडी डबल का इस्तेमाल किया है। अक्षय ने तमिल स्टंटमैन राजू की मौत के बाद देशभर के स्टंटमैन्स के लिए इंश्योरेंस कराने का फैसला लिया है। इसकी जानकारी खुद जाने माने एक्शन डायरेक्टर विक्रम सिंह दहिया ने दी। उन्होंने बताया कि अक्षय ने हमेशा स्टंटमैन्स की सेफ्टी और इंश्योरेंस पर ध्यान दिया है जिससे उन्हें काफी मदद मिली है।
विक्रम सिंह दहिया का कहना है कि बॉलीवुड के सेट्स स्टंट्स के लिए पहले के मुकाबले आज काफी सुरक्षित हो गए हैं। वो हमेशा सेफ्टी का ध्यान रखते हैं। जैसे अगर कोई गाड़ी स्टंट के दौरान पलटने वाली है तो उसमें पहले से ही सेफ्टी केज लगा देते हैं। ड्राइवर को भी हार्नेस के साथ कसकर बांध दिया जाता है ताकि अगर गाड़ी पलटी तो उसे कोई नुकसान ना हो। फिर गाड़ी की टंकी में पेट्रोल उतना ही रखा जाता है जितनी जरूरत होती है।
विक्रम सिंह ने आगे ये भी कहा कि इतनी सेफ्टी के बावजूद स्टंटमैन का काम काफी जोखिम भरा रहता है। शरीर एक हद तक ही झटकों को महसूस कर सकता है। उन्होंने स्टंटमैन राजू की मौत पर भी शोक जताया। विक्रम सिंह ने ये भी बताया कि साउथ के मुकाबले बॉलीवुड में स्टंटमैन की सुरक्षा पर ज्यादा महत्व दिया गया जिसमें अक्षय कुमार का बड़ा रोल रहा। उन्होंने देशभर के लगभग 650-700 स्टंटमैन्स का इंश्योरेंस कराया।
विक्रम सिंह का अक्षय कुमार के बारे में कहना है, ‘अक्षय कुमार सर का धन्यवाद करना चाहूंगा जिन्होंने करीब 650-700 स्टंटमैन और एक्शन क्रू मेंबर्स का इंश्योरेंस कराया है। इसमें उनके हेल्थ और एक्सीडेंट दोनों इंश्योरेंस शामिल हैं। अगर एक स्टंटमैन सेट पर या उसके बाहर घायल हो जाता है, तो वो 5-5.5 लाख रुपये तक का कैशलेस ट्रीटमेंट का फायदा उठा सकता है। अगर किसी स्टंटमैन की अचानक मौत हो जाती है, तो उनके परिवार को 20-25 लाख रुपये का भुगतान मिलेगा।
