Bollywood News : अहान पांडे और अनीत पड्डा की पहली फिल्म ‘सैयारा’ बॉक्स ऑफिस पर ज़बरदस्त कमाई कर रही है। फिल्म ने अपनी रिलीज के दूसरे दिन यानी शनिवार, 19 जुलाई तक लगभग ₹50 करोड़ का आंकड़ा छूने की तैयारी कर ली है।
नए सितारों के साथ बड़ी ओपनिंग ‘सैयारा’ को ₹20 करोड़ की शानदार ओपनिंग मिली, जो किसी भी नए कलाकारों की फिल्म के लिए अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग मानी जा रही है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस फिल्म का विकेंड कलेक्शन 70-80 करोड़ तक पहुंच सकता है।
फिल्म विश्लेषक तरण आदर्श के मुताबिक, “‘सैयारा’ की चर्चा पूरे देश में हो रही है। मल्टीप्लेक्स हो या सिंगल स्क्रीन, हर जगह इसे जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।” बड़ी-बड़ी फिल्मों को छोड़ा पीछे इस साल रिलीज हुई बड़ी बॉलीवुड फिल्मों जैसे ‘हाउसफुल 5’, ‘रेड 2’, ‘सिकंदर’ और ‘सितारे जमीन पर’, इन सबको ‘सैयारा’ ने पहले दिन की कमाई में पीछे छोड़ दिया है।
यह फिल्म बुकमाईशो (BookMyShow) पर भी छाई रही। रिलीज के पहले दिन ‘सैयारा’ के 4,19,000 टिकट्स बिके, जो 2025 की किसी भी फिल्म के लिए दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। सबसे ऊपर है विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’, जिसके 6,69,000 टिकट बिके थे।
