Saiyaara : बीते हफ्ते रिलीज़ हुई अहान पांडे और अनीत पड्डा की फिल्म ‘सैयारा’ बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कमाई कर रही है। यह एक म्यूजिकल ड्रामा रोमांटिक फिल्म है, जिसे मोहित सूरी ने डायरेक्ट किया है। 18 जुलाई को रिलीज हुई यह फिल्म दर्शकों को खूब पसंद आ रही है और इसके कलेक्शन लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
फिल्म ने अपने 10वें दिन, यानी दूसरे रविवार को करीब 30 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। ये शुरुआती आंकड़े हैं, असली कमाई इससे और ज्यादा हो सकती है। खास बात यह है कि यह कमाई पहले रविवार (तीसरे दिन) की कमाई 35.75 करोड़ के काफी करीब है।
दूसरे शनिवार (9वें दिन) को फिल्म ने लगभग 26.5 करोड़ रुपये कमाए थे और फिर दूसरे रविवार को इसमें उछाल देखा गया। इससे साफ है कि दर्शकों का प्यार अब भी बरकरार है।
अब तक ‘सैयारा’ का कुल कलेक्शन लगभग 247.25 करोड़ रुपये हो चुका है। फिल्म तेजी से 250 करोड़ क्लब की ओर बढ़ रही है और जल्द ही 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो सकती है।
अहान पांडे की यह फिल्म अब शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की सुपरहिट फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ से भी आगे निकल गई है। 2013 में रिलीज हुई ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ ने लगभग 227 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जिसे अब ‘सैयारा’ पार कर चुकी है।
