Amitabh-Jaya Marriage : बॉलीवुड की सबसे प्रतिष्ठित जोड़ियों में से एक है जया भादुरी और अमिताभ बच्चन की जोड़ी। दोनों की शादी को लगभग 52 साल हो चुके हैं और आज भी दोनों मजबूती से खड़े हैं। बता दें कि जया भादुरी की अमिताभ बच्चन से मुलाकात फिल्म ‘गुड्डी’ के सेट पर हुई थी। इसके बाद दोनों का मिलना जुलना शुरू हुआ और दोनों के रिश्ते में मजबूती आने शुरू हुई।
आपको बता दें कि अमिताभ बच्चन और जया बच्चन ने साथ में कई फिल्में की हैं। ‘गुड्डी’, ‘शोले’, ‘जंजीर’, ‘मिली’, ‘चुपके-चुपके’ इसके अलावा भी दोनों की कई फिल्में हैं, लेकिन सबसे खास है दोनों की फिल्म ‘सिलसिला’। जिसे लोग आज भी उसी उत्साह से देखना पसंद करते हैं।
बता दें कि अमिताभ बच्चन और जया भादुरी को एक दूसरे से प्यार तो हुआ, लेकिन इस प्यार से शादी तक का सफर उनका जरा भी आसान नहीं था। दरअसल जया बच्चन के पिता इस शादी के सख्त खिलाफ थे। अमिताभ बच्चन के पिता हरिवंश राय बच्चन ने अपनी किताब ‘इन द आफ्टरनून ऑफ टाइम’ में इस किस्से का जिक्र किया है।
उन्होंने लिखा- जब जया और अमिताभ की शादी हुई तब मैंने नई बहू को गले लगाकर आशीर्वाद दिया। साथ ही अपने समधी जया के पिता को भी अमित जैसा दामाद मिलने की बधाई दी। मुझे उम्मीद थी कि वह भी कुछ अच्छे कहेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मेरे बधाई देने के जवाब में जया के पिता तरुन कुमार भादुरी ने कहा- ‘मेरा घर बर्बाद हो गया’ बता दें कि जया अमिताभ से बेहद प्यार करती थीं, लेकिन शादी के लिए जया के पिता को मनाना जरा भी आसान नहीं था। बड़ी मिन्नतों से जया के पिता इस शादी के लिए माने थे।
अपनी पोती नव्या के पॉडकास्ट ‘व्हाट द हेल नव्या’ में जया बच्चन ने बताया था कि वह और अमिताभ वेकेशन के लिए जाना चाहते थे, लेकिन अमिताभ के पिता ने उन्हें जाने की अनुमति नहीं दी थी। उन्होंने कहा कि छुट्टियां मनाने जाना है तो पहले शादी करो। इस वजह से शादी जो अक्तूबर में होने वाली थी उसे जून में फिक्स किया गया था और तब 3 जून 1973 को परिवार वालों और रिश्तेदारों के बीच रीति रिवाज से शादी हुई थी।
