Bollywood News : तमिलनाडु पुलिस ने बुधवार रात को एक्ट्रेस मिनु मुनिर को गिरफ्तार कर लिया। उन पर आरोप है कि उन्होंने एक लड़की को सेक्स रैकेट में फंसाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, मिनु को केरल के एर्नाकुलम जिले के अलुवा इलाके से पकड़ा गया, जहां वह अपनी एक रिश्तेदार युवती को सेक्स माफिया के हवाले करने वाली थीं। गुरुवार सुबह उन्हें चेन्नई ले जाया गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिनु मुनिर ने पीड़िता को झांसा दिया था कि वह उसे तमिल फिल्म इंडस्ट्री में काम दिला सकती हैं। इस भरोसे में आकर युवती उनके साथ तमिलनाडु जाने को तैयार हो गई, लेकिन असल में मिनु का इरादा उस लड़की को सेक्स रैकेट में बेचने का था। बताया जा रहा है कि यह मामला साल 2014 की एक घटना से जुड़ा है, जिसकी जांच अब चल रही है। यह पहली बार नहीं है जब मिनु मुनिर पुलिस के शिकंजे में आई हैं।
पिछले महीने भी उन्हें बदनाम करने (मानहानि) के केस में गिरफ्तार किया गया था। यह केस फिल्म डायरेक्टर बालचंद्र मेनन ने उनके खिलाफ दर्ज कराया था। मिनु ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया था कि फिल्म ‘डे इंगोट्टू नोक्किये’ की शूटिंग के दौरान डायरेक्टर बालचंद्र मेनन ने उनका यौन शोषण किया था। इस मामले में उन्होंने पुलिस में शिकायत भी दी थी। लेकिन बालचंद्र मेनन का कहना था कि मिनु झूठे आरोप लगाकर उनकी छवि खराब कर रही हैं।
