Aishwarya Rai News : ऐश्वर्या राय को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बॉलीवुड एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय ने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उनका कहना है कि उनकी तस्वीरें, नाम और AI से बनाई गई फर्जी तस्वीरें सोशल मीडिया और दूसरे प्लेटफॉर्म्स पर बिना इजाजत इस्तेमाल की जा रही हैं।
ऐश्वर्या के वकील ने कोर्ट को बताया कि सोशल मीडिया पर उनकी कई मॉर्फ्ड और AI-जनरेटेड इमेजेस वायरल हो रही हैं। इनमें कुछ इंटिमेट तस्वीरें भी बनाई गई हैं, जो पूरी तरह नकली हैं। वकील ने कहा- “उनका चेहरा और पहचान इस तरह से पेश किया जा रहा है जैसे वे किसी और की यौन इच्छाओं को पूरा कर रही हों। आरोपी उनकी फर्जी तस्वीरों और नाम से पैसे भी कमा रहे हैं।”
कोर्ट में ये भी बताया गया कि Aishwarya Nation Wealth नाम की एक कंपनी ने अपने लेटरहेड पर ऐश्वर्या की तस्वीर लगाकर उन्हें चेयरपर्सन बताया। जबकि उनका इस कंपनी से कोई संबंध ही नहीं है। इसे वकील ने साफ तौर पर धोखाधड़ी करार दिया।
सुनवाई के दौरान जस्टिस तेजस कारिया ने कहा कि ऐश्वर्या राय की पहचान का गलत इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा- “हम हर आरोपी पर अलग-अलग आदेश देंगे ताकि भविष्य में कोई उनकी तस्वीर, आवाज या नाम का गलत इस्तेमाल न कर सके।”
