Abeer Gulaal : पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान और बॉलीवुड एक्ट्रेस वाणी कपूर की फिल्म ‘आबीर गुलाल’ 12 सितंबर को दुनियाभर में रिलीज हुई, लेकिन भारत में इसे बैन कर दिया गया। यह फिल्म पहले 9 मई को रिलीज होने वाली थी, लेकिन पहलगाम आतंकी हमले और भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के कारण इसे भारत में रिलीज करने की इजाजत नहीं मिली। हाल ही में सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि यह फिल्म 26 सितंबर को भारतीय सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी। इन खबरों ने फैंस में उत्साह भी बढ़ा दिया था। लेकिन अब प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने इन अफवाहों को झूठा बताया है।
PIB ने सोशल मीडिया पर फैक्ट-चेक जारी करते हुए लिखा- “कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि फवाद खान और वाणी कपूर स्टारर फिल्म ‘आबीर गुलाल’ 26 सितंबर, 2025 को भारत में रिलीज होगी। यह दावा फेक है। इस फिल्म को लेकर भारत में किसी भी तरह की मंजूरी नहीं दी गई है।” कहां से शुरू हुई अफवाह? दरअसल, यह खबर सबसे पहले बॉलीवुड हंगामा ने छापी थी।
उनकी रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की टीम ने भारत में 26 सितंबर को रिलीज करने की योजना बनाई थी। रिपोर्ट में यहां तक कहा गया था कि फिल्म की कहानी सादी और प्यारी है, जो भारतीय दर्शकों को भी पसंद आएगी। साथ ही, उस हफ्ते कोई बड़ी रिलीज न होने के चलते फिल्म को सोलो रन मिलने की उम्मीद जताई गई थी।
फिल्म और कलाकार आबीर गुलाल एक रोमांटिक ड्रामा है, जिसका डायरेक्शन आरती एस. बगड़ी ने किया है और विवेक अग्रवाल इसके निर्माता हैं। फिल्म में फवाद खान और वाणी कपूर के अलावा परमीत सेठी, फरीदा जलाल, ऋधि डोगरा, लीजा हेडन और सोनी राजदान जैसे कलाकार भी अहम रोल में हैं।
