Saiyaara : फ़िल्म सैयारा, जिसमें डेब्यू स्टार्स अहान पांडे और अनीत पड्डा ने अभिनय किया है, ने सभी उम्मीदों को धता बताते हुए वैश्विक स्तर पर लगभग 600 करोड़ रुपये की कमाई की है, जिसमें विदेशी बाजारों से करीब 20 मिलियन डॉलर शामिल हैं। यह भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली लव स्टोरी बन गई है। इसने भारतीय मनोरंजन उद्योग को चौंका दिया और देश को दो जनरेशन जी सुपरस्टार्स दिए, जिन पर हर कोई प्यार लुटा रहा है।
सैयारा को अब इस पीढ़ी का दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे (DDLJ) और कहो ना प्यार है कहा जा रहा है, क्योंकि इस फिल्म और अहान-अनीत की सांस्कृतिक छाप ने भारत और पूरी दुनिया के दक्षिण एशियाई समुदाय पर गहरा असर डाला है। अहान और अनीत का लॉन्च अब तक का सबसे बड़ा माना जा रहा है, जिसकी तुलना 25 साल पहले ऋतिक रोशन और अमीषा पटेल के डेब्यू से की जा रही है। उन्होंने जो किरदार निभाए – कृष कपूर और वाणी बत्रा – अब DDLJ के राज और सिमरन जैसी आइकॉनिक पहचान हासिल कर रहे हैं।
अहान और अनीत के जनरेशन जी फैंस ने अपने पसंदीदा ऑन-स्क्रीन आइकॉन का जश्न मनाने का सबसे प्यारा तरीका चुना – उन्होंने आसमान में एक तारे का नाम सैयारा रखा!
जहाँ अहान ने कहा,”असल सितारे तो आप हैं, आपका इतना चमकना ही हमारी रोशनी है। मुझे वह दिन याद है जब सैयारा सिनेमाघरों से उतर गई थी। सब कुछ हो चुका था, लेकिन मैंने खुद को उस एहसास में डूबने ही नहीं दिया। अब यह देखकर लगता है जैसे फ़िल्म ने यूनिवर्स में अपनी जगह बना ली है, आकाशगंगा के उस कोने में जहाँ सारी खूबसूरत चीज़ें चली जाती हैं जब वे यहाँ से विदा लेती हैं।
मेरे शब्द मेरी भावनाओं को पूरी तरह व्यक्त नहीं कर सकते, क्योंकि यह एहसास इतना सुंदर है कि शब्दों में नहीं बंध सकता। लेकिन यह जादुई है, बेहद जादुई। तहेदिल से शुक्रिया,” वहीं अनीत ने कहा ,”कभी-कभी मुझे लगता है फिल्म ख़त्म हो गई। फिर आप ऐसा कुछ करते हैं और मुझे अहसास होता है कि कहानियाँ ख़त्म नहीं होती, वे बस नए आसमान खोज लेती हैं 💗।
एक तारे का नाम भले ही सैयारा रखा गया हो, लेकिन असली आकाशगंगा तो हमेशा आप सब रहे हैं। हमारी कहानी को अनंत बनाने के लिए दिल से धन्यवाद।” हाल ही में, बॉलीवुड के दिग्गज आमिर खान ने मीडिया में सैयारा और अहान-अनीत के पॉप-कल्चर इंपैक्ट पर बात की। उन्होंने फिल्म की लोकप्रियता का श्रेय उसकी भावनात्मक सच्चाई और युवाओं की ऊर्जा को दिया और कहा कि जनरेशन जी प्रामाणिकता और रिलेटेबिलिटी की ओर आकर्षित होती है।
