Aishwarya-Abhishek Divorce : बॉलीवुड के पॉवर कपल्स में से माने जाने वाले अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय के तलाक की खबरें बीते काफी वक़्त से चर्चा में हैं। सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में बार-बार दावा किया गया कि दोनों के रिश्तों में खटास आ गई है। लेकिन अब फिल्ममेकर और ऐश्वर्या के पड़ोसी प्रह्लाद कक्कड़ ने इस पूरे मामले की सच्चाई सामने रखी है।
प्रह्लाद कक्कड़ ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में बताया कि तलाक की खबरें इसलिए उठीं क्योंकि ऐश्वर्या अक्सर अपनी मां के घर जाती रहती हैं। प्रह्लाद, जो ऐश्वर्या की मां वृंदा राय के घर के पास रहते हैं, उन्होंने खुलासा किया कि ऐश्वर्या की मां की तबीयत लंबे समय से ठीक नहीं है। इसी वजह से ऐश्वर्या अक्सर अपनी मां से मिलने जाती हैं।
उन्होंने बताया कि ऐश्वर्या रोज अपनी बेटी आराध्या को स्कूल छोड़ने और लेने जाती हैं। इस बीच, खाली समय में वह अपनी मां के पास चली जाती हैं ताकि उनके साथ क्वालिटी टाइम बिता सकें। लेकिन लोगों ने इसे तलाक की वजह से अलग रहना मान लिया, जबकि हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।
इंटरव्यू में जब ऐश्वर्या के जया बच्चन और श्वेता बच्चन से रिश्तों को लेकर सवाल पूछा गया तो प्रह्लाद कक्कड़ ने साफ कहा कि इसमें कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा: “वह अब भी बच्चन परिवार की बहू हैं और घर संभालती हैं। लोग बेवजह बातें बना रहे थे कि वह शादी से भागकर मां के घर रह रही हैं, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है। वह सिर्फ मां के पास समय बिताने जाती हैं।”
प्रह्लाद ने आगे बताया कि अभिषेक बच्चन भी कई बार ऐश्वर्या के साथ अपनी सास से मिलने जाते हैं। अगर दोनों के बीच सच में तलाक जैसी कोई बात होती तो अभिषेक वहां क्यों आते? यही इस बात का सबूत है कि इन अफवाहों में जरा भी सच्चाई नहीं है।
उन्होंने ऐश्वर्या की तारीफ करते हुए कहा कि ऐश्वर्या हमेशा अपनी गरिमा बनाए रखती हैं और कभी भी अफवाहों पर सफाई नहीं देतीं। यही वजह है कि मीडिया को उनकी चुप्पी खलती है। उन्होंने कहा- “लोग कुछ भी कहते रहें, लेकिन ऐश्वर्या ने हमेशा डिग्निटी बनाए रखी है। इसी बात से पत्रकारों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है।”
कई बार मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि ऐश्वर्या ‘जलसा’ के अलग हिस्से में रह रही हैं और उनकी जया बच्चन से बातचीत नहीं होती। साथ ही, अभिषेक के एक ‘ग्रे डिवोर्स; पोस्ट को लाइक करने और अन्य वजहों ने भी इन अफवाहों को हवा दी। हालांकि, दोनों ने कभी इस पर बयान नहीं दिया और सिर्फ पब्लिक अपीयरेंस से ही सब कुछ क्लियर कर दिया।
