Piyush Pandey Death : भारत के मशहूर विज्ञापन विशेषज्ञ और क्रिएटिव जीनियस पीयूष पांडे का निधन हो गया है। उन्होंने 70 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। रिपोर्ट्स के अनुसार, वे पिछले कुछ समय से इंफेक्शन से पीड़ित थे और शुक्रवार (24 अक्टूबर) को मुंबई में उनका देहांत हो गया।
भारतीय विज्ञापन जगत का चमकता सितारा बुझ गया
पीयूष पांडे उन चुनिंदा दिग्गजों में से थे जिन्होंने भारतीय विज्ञापन को नई पहचान दी। Fevicol, Cadbury, Asian Paints, Vodafone और Tata Tea जैसे बड़े ब्रांड्स के लिए उनके बनाए विज्ञापन आज भी लोगों की यादों में ताजा हैं। उनके आइडियाज ने ना सिर्फ ब्रांड्स को फेमस बनाया बल्कि भारतीय दर्शकों के दिलों को भी छू लिया।
सोशल मीडिया पर उमड़ा शोक
उनके निधन के बाद विज्ञापन जगत और मनोरंजन इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। साथी कलाकारों, सहयोगियों और फैंस ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनकी क्रिएटिविटी को याद किया।
फिल्ममेकर हंसल मेहता ने X (ट्विटर) पर लिखा- “Fevicol का जोड़ टूट गया। आज ऐड वर्ल्ड ने अपना गोंद खो दिया। अलविदा पीयूष पांडे।” पूर्व केंद्रीय मंत्री और एक्ट्रेस स्मृति ईरानी ने इमोशनल शब्दों में लिखा- “पीयूष पांडे सिर्फ एक ऐडमैन नहीं थे, बल्कि भारत के सबसे बेहतरीन कहानीकारों में से एक थे। उन्होंने सिखाया कि सच्ची क्रिएटिविटी की भाषा ‘भावना’ होती है। उनके शब्दों ने ब्रांड्स को मानवीय बनाया और आइडियाज को अमर कर दिया। उस लीजेंड को अलविदा, जिसने हमें महसूस करना और मुस्कुराना सिखाया।”
एहसान नूरानी ने लिखा- “पीयूष पांडे वो इंसान थे जिन्होंने विज्ञापन की दुनिया में क्रिएटिविटी की परिभाषा ही बदल दी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।” फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री ने भी उन्हें याद करते हुए कहा कि उनके साथ काम करना एक बेहतरीन एक्सपीरिएंस था।
भारतीय विज्ञापन का ‘गेम चेंजर’
पीयूष पांडे को भारतीय विज्ञापन का ‘गेम चेंजर’ कहा जाता है। Ogilvy India में Chief Creative Officer के रूप में उन्होंने भारतीय विज्ञापन की सोच को नई दिशा दी। उनके बनाए विज्ञापनों में कॉमेडी, भावना और भारतीयता का अनोखा कॉम्बिनेशन दिखाई देता था।
