Satish Shah last Message : इन दिनों दिवंगत अभिनेता सतीश शाह कि मौत से पूरी इंडस्ट्री सदमे में है। सतीश के साथ काम कर चुकीं रत्ना पाठक शाह ने उनके साथ हुई अपनी अंतिम बातचीत का ज़िक्र किया है।
उन्होंने बताया कि सतीश शाह से उनकी बात निधन से महज दो से ढाई घंटे पहले ही वॉट्सएप पर हुई थी। उस बातचीत में सतीश ने मज़ाकिया अंदाज़ में एक संदेश भेजा था, जिस पर रत्ना ने भी प्रतिक्रिया दी थी। लेकिन कुछ ही समय बाद उनके निधन की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया।
रत्ना पाठक शाह ने बताया कि 25 अक्टूबर 2025 को दोपहर 12 बजकर 57 मिनट पर सतीश शाह ने उन्हें मैसेज किया था – “मेरी उम्र की वजह से लोग मुझे अक्सर एडल्ट मान लेते हैं।” रत्ना को यह उनका मजाक लगा और उन्होंने 2 बजकर 14 मिनट पर जवाब दिया – “ये बात आप पर बिल्कुल फिट बैठती है!”
करीब दो घंटे बाद, 3 बजकर 49 मिनट पर निर्माता जेडी मजेठिया का संदेश आया – “सतीश भाई अब नहीं रहे।” यह सुनकर रत्ना को विश्वास नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सतीश शाह जीवन को पूरे उत्साह और मुस्कान के साथ जीने वाले व्यक्ति थे, और उनका जाना सबके लिए बेहद झकझोर देने वाला था। कुछ घंटे पहले ही उन्होंने अपने कई अन्य दोस्तों को भी ऐसे ही चुटीले संदेश भेजे थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सतीश शाह की मृत्यु पहले किडनी फेल होने से बताई जा रही थी, लेकिन ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ में उनके सह-कलाकार राजेश कुमार ने बताया कि असल में उनका निधन हार्ट अटैक से हुआ था।
उन्होंने बताया, “हाँ, उन्हें किडनी की परेशानी थी, लेकिन मौत का कारण दिल का दौरा था। वे घर पर थे, लंच कर रहे थे, और उसी दौरान उनका निधन हो गया।”
