Dharmendra Hospitalised : बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जैसे ही ये खबर सामने आई, उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के लोगों के बीच हलचल मच गई। सोशल मीडिया पर हर जगह धर्मेंद्र की सेहत को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
धर्मेंद्र, जो बहुत जल्द 90 साल के होने वाले हैं, हमेशा से अपनी फिटनेस और जोश के लिए जाने जाते हैं। लेकिन बढ़ती उम्र के चलते डॉक्टरों ने उन्हें कुछ जरूरी हेल्थ चेकअप कराने की सलाह दी थी, इसलिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार के करीबी सूत्रों का कहना है कि चिंता की कोई बात नहीं है और धर्मेंद्र ठीक हैं। यह सिर्फ एक सामान्य जांच है जो उम्र के इस पड़ाव पर जरूरी मानी जाती है।
धर्मेंद्र हिंदी सिनेमा के उन एक्टर्स में से एक हैं जिन्होंने छह दशक से भी ज्यादा समय तक अपनी एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीता है। उन्होंने ‘शोले’, ‘चुपके चुपके’, ‘धर्मवीर’, ‘ड्रीम गर्ल’ और ‘यमला पगला दीवाना’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है।
धर्मेंद्र की अचानक से अस्पताल में भर्ती होने की खबर से उनके फैंस काफी इमोशनल हो गए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोगों ने उनकी सेहत के लिए दुआएं मांगी हैं। परिवार ने मीडिया से भी गुजारिश की है कि किसी तरह की अफवाहें ना फैलाएं, क्योंकि एक्टर पहले से ही बेहतर महसूस कर रहे हैं और जल्द ही घर वापसी करेंगे। इस खबर से फैंस को थोड़ी राहत मिली है।
