Farah Khan Youtube Income : एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की पॉपुलर कोरियोग्राफर और डायरेक्टर फराह खान अपने खास अंदाज के लिए जानी जाती हैं। वह पिछले काफी समय से अपने कुक दिलीप को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई है। दरअसल, फराह खान ने अपने कुक के साथ मिलकर यूट्यूब चैनल शुरू किया, जिसे काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
उनके इस यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किए जाने वाले वीडियो को काफी पसंद किया जा रहा है। फराह खान हर सप्ताह किसी एक सेलिब्रिटी के घर जाती हैं और वहां एक-एक कोना दिखाती हैं। इसके साथ ही सेलिब्रिटी के किचन में वह कुक दिलीप के साथ खाना पकाती हैं। अब फराह खान ने खुलासा किया है कि वह अपने यूट्यूब से जमकर कमाई कर रही हैं।
फराह खान ने हाल ही में अपनी अच्छी दोस्त सानिया मिर्जा के साथ उनके पॉडकास्ट ‘सर्विंग इट अप विद सानिया’ में बात की। इस दौरान उन्होंने अपने प्रोफेशनल करियर को लेकर बात की है। फराह खान ने ये भी बताया है कि उनकी ज्यादा कमाई यूट्यूब से होती है या कोरियाग्राफी से। उन्होंने कहा, ‘मैं ज्यादा पैसे कॉन्टेंट क्रिएशन से बना रही हूं। ये बात सच है।’
इस पर सानिया मिर्जा ने बोलती हैं कि ये बात वो इंसान कह रहा है जो 300 करोड़ रुपये की फिल्म देता है। इस पर फराह खान ने कहा, ‘सच बताऊं तो मैंने सबसे ज्यादा कमाई कॉन्टेंट क्रिएशन से की है। लेकिन अगर तुम मुझसे पूछोगी की मैं असल में क्या करना चाहती हूं तो मेरा पहला प्यार डायरेक्शन है और हमेशा रहेगा।’
