Isha Deol On Dharmendra Birthday : सुपरस्टार धर्मेंद्र के निधन के बाद पहली बार उनका जन्मदिन उनका परिवार और उनके फैंस उनके बिना मना रहे हैं। ऐसे में हर किसी के दिल भारी हैं और आंखे नम हैं। धर्मेद्र के जन्मदिन के मौके पर ईशा देओल ने सोशल मीडिया के जरिए तस्वीरों और एक प्यारे से खत के जरिए उन्हें जन्मदिन विश करते हुए याद किया है।
ईशा देओल ने धर्मेंद्र की पांच तस्वीरें शेयर की है जो कि किसी फोटोशूट की मालूम होती हैं लेकिन हर किसी के अनसीन हैं क्योंकि ये तस्वीरें पहली बार सामने आई हैं। इन तस्वीरों को शेयर करते हुए ईशा ने कैप्शन में एक प्यारा सा लेटर लिखा है।
यहां पढ़िए:
मेरे प्यारे पापा के नाम
हम दोनों का वादा, हमारा रिश्ता… सबसे मज़बूत है। हर जन्म में, हर दुनिया में, हर जगह… हम हमेशा साथ हैं, पापा। चाहे स्वर्ग हो या धरती, हम एक हैं और हमेशा एक ही रहेंगे।
फिलहाल मैंने आपको बहुत संभालकर, बहुत प्यार से अपने दिल के सबसे गहरे कोने में रख लिया है, ताकि इस पूरी ज़िंदगी में आपको अपने साथ ले चल सकूँ।
आपके साथ बिताई सारी जादुई यादیں… आपके दिए हुए जीवन के सबक, आपकी सीख, आपका रास्ता दिखाना, आपका प्यार, आपकी गर्माहट, आपकी मजबूती – यह सब मेरे लिए अनमोल है। जो आपने अपनी बेटी होने के नाते मुझे दिया, उसकी कोई बराबरी नहीं कर सकता।
पापा, मैं आपको बहुत याद करती हूँ… आपकी वो गर्म, सुरक्षा देने वाली झप्पी जो सबसे नरम कंबल जैसी लगती थी। आपके मुलायम लेकिन मज़बूत हाथ पकड़ना, जिनमें बिना बोले भी बहुत कुछ होता था। और आपका वो प्यार भरा स्वर, जिससे आप मेरा नाम पुकारते थे… फिर हमारी लंबी बातें, हमारी हँसी, हमारी शायरी… सब कुछ बहुत याद आता है।
आपकी ये सीख – “हमेशा विनम्र रहो, खुश रहो, स्वस्थ रहो और मज़बूत बनो” – मैं हमेशा याद रखूँगी।
मैं वादा करती हूँ कि आपकी पहचान, आपकी सीख और आपके मूल्यों को सम्मान के साथ आगे बढ़ाऊँगी।
और मैं पूरी कोशिश करूँगी कि आपका प्यार उन लाखों लोगों तक पहुँचाऊँ, जो आपको उतना ही चाहते हैं जितना मैं।
आई लव यू पापा।
आपकी प्यारी बेटी,
आपकी ईशा… आपकी बिट्टू।
बताते चलें कि बीते महीने 24 नवंबर को धर्मेंद्र का निधन मुंबई में उनके जुहू वाले घर में हो गया था। वह उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। काफी समय उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती रखा गया, लेकिन बाद में हालत को स्थिर बताते हुए उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था। इसके 5 दिन बाद ही एक्टर का निधन हो गया था। उनका निधन हिंदी सिनेमा के एक युग के अंत होने जैसा है।
