Pawan Singh Death Threat : भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार पवन सिंह इन दिनों बड़े परेशानियों में फंसते नजर आ रहे हैं। खबर है कि एक्टर को पिछले दो दिनों से लगातार व्हाट्सएप और फोन पर जान से मारने की धमकी दे रहे थे। मामला इतना पेचीदा हो चुका है कि पवन सिंह की टीम ने मुंबई के ओशिवारा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। धमकी देने वाले शख्स ने खुद को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया।
पुलिस को दी गई शिकायत में पवन सिंह के मैनेजर एन. कुमार सिंह ने बताया कि एक्टर को लगातार धमकी भरे मैसेज आ रहे हैं, जिनमें पैसों की मांग के साथ-साथ चेतावनी दी गई है कि पवन सिंह ने अगर सलमान खान के साथ काम किया, तो इसके लिए वो ‘गंभीर परिणाम’ भुगतने के लिए तैयार रहे।
फिलहाल, अभी एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, लेकिन पुलिस ने शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है। जोन 9 के डीसीपी दीक्षित गेडाम ने पुष्टि की है कि थाने में शिकायत मिल चुकी है और मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। पवन सिंह की टीम के सदस्य प्रियांशु सिंह को पहली धमकी रविवार रात 10:07 बजे आई थी, जिसके बाद से मैसेज और कॉल लगातार आते रहे। धमकियों ने अभिनेता और उनकी टीम में तनाव और डर का माहौल बना दिया है। यही कारण है, कि पवन सिंह की ओर से पुलिस सुरक्षा की मांग भी की गई है।
बता दें, ये मामला उस वक्त और भी पेचीदा हो जाता है, जब हाल ही में बिग बॉस 19 के फिनाले में पवन सिंह के सलमान खान के साथ स्टेज शेयर किया था। जिसके बाद से ही धमकियों का सिलसिला और तेज हो गया है। फिलहाल, मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
