Ankita Lokhande Vicky Jain : टीवी एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे और उनके पति विक्की जैन इन दिनों मुश्किल में फंसे हुए हैं। छत्तीसगढ़ राज्य जीएसटी विभाग ने एक बड़ी जांच की, जिसमें उनका नाम सामने आया है। यह कार्रवाई बिलासपुर की एक कोयला कंपनी से जुड़ी है, जिसका संबंध विक्की जैन के कारोबारी परिवार से बताया जा रहा है। मीडिया खबरों के मुताबिक, इस जांच में तीन बड़े कोयला कारोबारियों से करीब 27.5 करोड़ रुपये का टैक्स वसूला गया।
यह छापेमारी राज्य जीएसटी सचिव मुकेश बंसल के आदेश पर हुई। रायपुर से आई टीमों ने बिलासपुर में महावीर कोल वॉशरी, फील कोल और पारस कोल एंड बेनिफिशिएशन से जुड़े 11 ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। यह कार्रवाई 12 दिसंबर की सुबह शुरू हुई और देर रात तक चली। इस दौरान दफ्तरों, घरों, कोल वॉशरी और फैक्ट्रियों की जांच की गई।
जांच के दौरान जिन जगहों को अंकिता और विक्की के परिवार से जुड़ा माना गया, वहां से पहले दिन करीब 10 करोड़ रुपये जमा कराए गए। अगले दिन 11 करोड़ रुपये और एक वॉशरी की ओर से 6.5 करोड़ रुपये और जमा किए गए। इस तरह कुल रकम 27.5 करोड़ रुपये हो गई। जीएसटी अधिकारियों को शक है कि टैक्स की रकम में गड़बड़ी की गई थी।
यह खबर ऐसे समय आई है, जब अंकिता और विक्की ने हाल ही में अपनी शादी की चौथी सालगिरह मनाई थी। इस मौके पर अंकिता ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें उन्होंने लिखा था कि पिछले चार सालों में दोनों ने हर अच्छा-बुरा वक्त साथ देखा, एक-दूसरे का साथ निभाया और मुश्किल हालात में भी प्यार और भरोसे को चुना।
