Vidyut Jammwal Candle Wax Stunt : बॉलीवुड एक्टर विद्युत जामवाल को कौन नहीं जनता ? वे अपनी दमदार एक्शन और खतरनाक स्टंट्स के लिए जाने जाते हैं। फिल्मों के साथ-साथ वह असल जिंदगी में भी ऐसे कारनामे करते रहते हैं, जो लोगों को हैरान कर देते हैं। हाल ही में विद्युत ने एक ऐसा ही खतरनाक स्टंट किया, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।
विद्युत ने अपने चेहरे पर जलती हुई मोमबत्तियों का गरम मोम डालते हुए एक वीडियो शेयर किया है। यह वीडियो उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
वीडियो के साथ विद्युत ने लिखा कि यह स्टंट कलारीपयट्टू और योग जैसी प्राचीन कलाओं को समर्पित है, जो इंसान को अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने की ताकत देती हैं। उन्होंने इसे एक योद्धा की भावना और साहस का प्रतीक बताया।
फैंस ने की तारीफ
विद्युत जामवाल के इस वीडियो पर फैंस के जबरदस्त रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि योग ही इंसान को दर्द सहने और हदों से आगे जाने की शक्ति देता है। वहीं दूसरे फैन ने कहा कि उन्हें विद्युत पर हमेशा गर्व रहता है। एक्ट्रेस अदा शर्मा ने भी कमेंट करते हुए लिखा कि विद्युत ने स्टेज पर भी आग लगा दी और खुद पर भी। कई यूजर्स ने कहा कि विद्युत ने पूरे बॉलीवुड में तहलका मचा दिया है।
हॉलीवुड में डेब्यू करेंगे विद्युत
विद्युत जामवाल बहुत जल्द अपनी हॉलीवुड डेब्यू फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में उनके साथ नोआ सेंटीनियो, एंड्रयू कोजी और कैलिना लियांग अहम रोल्स में नजर आएंगे। इसके अलावा WWE के मशहूर स्टार्स कोडी रोड्स और रोमन रेंस भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म का डायरेक्शन किताओ सकुराई कर रहे हैं और इसे 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
विद्युत जामवाल का फिल्मी सफर
विद्युत जामवाल ने साल 2011 में फिल्म ‘फोर्स’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने ‘कमांडो’, ‘कमांडो 2’, ‘क्रैक’, ‘जंगली’, ‘अंजान’, ‘खुदा हाफिज’, ‘सनक’ और ‘IB71’ जैसी कई एक्शन फिल्मों में काम किया। हाल ही में वह फिल्म ‘मदरासी’ में नजर आए थे, जिसमें उन्होंने एक अलग और ग्रे शेड वाला किरदार निभाया था। यह फिल्म सितंबर 2025 में रिलीज हुई थी और अब प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है।
