Bollywood News : हिंदी सिनेमा के इतिहास में अगर किसी एक्टर और प्रोडक्शन हाउस की जोड़ी सबसे सुपरहिट रही है, तो वो है शाहरुख खान और यशराज फिल्म्स। ‘डर’ से लेकर ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ और हालिया ‘पठान’ तक, इस जोड़ी ने बॉक्स ऑफिस पर नोटों की बारिश की है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक वक्त ऐसा भी था जब शाहरुख ने यश चोपड़ा की एक ऐसी फिल्म को नो कह दिया था, जो रिलीज होने के बाद बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की थी। हम बात कर रहे हैं साल 2012 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘एक था टाइगर’ की।
मेकर्स की पहली पसंद थे शाहरुख
यह सुनने में थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन सच यही है कि ‘टाइगर’ की दहाड़ के लिए कबीर खान और यशराज फिल्म्स की पहली पसंद सलमान खान नहीं, बल्कि शाहरुख खान थे। आईएमडीबी (IMDb) और उस समय की मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो, फिल्म की स्क्रिप्ट सबसे पहले किंग खान के पास ही गई थी। कहा जाता है कि शाहरुख और मेकर्स के बीच फिल्म की कहानी और कुछ किरदारों को लेकर तालमेल नहीं बैठ पाया था। वहीं उस दौरान शाहरुख अपनी दूसरी बड़ी फिल्मों और प्रोजेक्ट्स में काफी व्यस्त थे, जिसकी वजह से वे इस स्पाई-थ्रिलर को अपना वक्त नहीं दे पाए।
शाहरुख ने किया रिजेक्ट तो सलमान को मिली फिल्म
जब शाहरुख ने इस ऑफर को ठुकराया, तब यह फिल्म सलमान खान को ऑफर हुई. फिल्म में सलमान खान ने ‘अविनाश सिंह राठौर’ यानी ‘टाइगर’ के किरदार में ऐसी जान फूंकी कि दर्शक दीवाने हो गए। उस वक्त यह फिल्म सलमान खान के करियर की सबसे बड़ी हिट साबित हुई, जिसने करीब 198 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया था। इसी फिल्म के साथ यशराज फिल्म्स के ‘स्पाई यूनिवर्स’ की फिल्में बनानी शुरू की थी।
क्या शाहरुख को पछतावा है?
हैरानी की बात यह है कि शाहरुख खान ने हमेशा यश चोपड़ा को अपना गुरु माना है। उन्होंने ‘डर’ जैसी फिल्म में विलेन बनकर अपने करियर का सबसे बड़ा रिस्क लिया था, जो सुपरहिट रहा। ऐसे में यशराज बैनर को मना करना वाकई एक बड़ा फैसला था लेकिन किस्मत का खेल देखिए, 11 साल बाद शाहरुख खान ने इसी स्पाई यूनिवर्स में ‘पठान’ बनकर एंट्री ली और 1000 करोड़ से ज्यादा की कमाई करके सबको हैरान कर दिया।
