Dhurandhar Records : फिल्म ‘धुरंधर 2’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है और इसे काफी पसंद किया जा रहा है। ये फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं, इस फिल्म के पहले पार्ट यानी ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर जमकर कलेक्शन किया है और इसका रिलीज के 2 महीने बाद भौकाल देखने को मिल रहा है। दरअसल, रणवीर सिंह की इस फिल्म ने ‘दंगल’, ‘पीके’ समेत कई ब्लॉकबस्टर मूवीज के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। आइए जानते हैं कि फिल्म ‘धुरंधर’ ने अब कौन सा रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
फिल्म ‘धुरंधर’ को थिएटर में देखने पहुंचे 4 करोड़ लोग
आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ सिनेमाघरों में 5 दिसंबर, 2025 को रिलीज हुई थी। इस फिल्म की रिलीज दो महीने हो चुके हैं और इसके बाद भी इसका क्रेज देखने को मिल रहा है। इसी बीच फिल्म ‘धुरंधर’ ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया है। दरअसल, मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि रणवीर सिंह की इस फिल्म ने दो महीने में 4 करोड़ फुटफॉल का रिकॉर्ड बनाया है।
इस तरह से इस फिल्म को देखने के लिए 4 करोड़ लोग सिनेमाघरों में पहुंचे हैं। फिल्म ‘धुरंधर’ इंडियन सिनेमा की हाईएस्ट फुलफॉल वाली मूवीज की लिस्ट में शामिल हो गई है। इसके साथ ही रणवीर सिंह ने आमिर खान की ‘दंगल’ और ‘पीके’ समेत कई मूवीज के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
‘धुरंधर’ ने कई मूवीज को छोड़ा पीछे
बताते चलें कि इंडियन सिनेमा में 10 करोड़ फुटफॉल वाली सिर्फ 4 मूवीज हैं, जिसमें ‘शोले’, ‘बाहुबली 2’, ‘मुगल-ए-आजम’ और ‘मदर इंडिया’ हैं। साल 2001 में रिलीज हुई सनी देओल की फिल्म ‘गदर’ 5 करोड़ लोग थिएटर में देखने पहुंचे थे। वहीं, रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ ने आमिर खान की फिल्में ‘पीके’ (3.5 करोड़) और ‘दंगल’ (3.7 करोड़) के अलावा, सनी देओल की ‘बॉर्डर’ (3.7 करोड़), शाहरुख खान की फिल्में ‘कुछ कुछ होता है’ (3.5 करोड़) और ‘कभी खुशी कभी गम’ (3.1 करोड़) समेत कई मूवीज को फुटफॉल के मामले में पीछे छोड़ा है।
‘धुरंधर’ ने किया इतना कलेक्शन
रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ ने इंडियन बॉक्स ऑफिस पर करीब 900 करोड़ रुपये की कमाई की है। वहीं, वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर कमाई का आंकड़ा 1300 करोड़ रुपये पार हो गया। फिल्म ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह के साथ सारा अर्जुन, राकेश बेदी, संजय दत्त, आर माधवन, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल जैसे कलाकार नजर आए हैं। अब इस फिल्म के सीक्वल ‘धुरंधर 2’ का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है।
