Amitabh Bachchan News : मुंबई के जुहू स्थित ‘जलसा’ के बाहर हर रविवार को लगने वाला मेला इस बार फीका रहा। 22 फरवरी 2026 का दिन बॉलीवुड के इतिहास में याद रखा जायेगा जब हिंदी सिनेमा के शहंशाह अमिताभ बच्चन ने दशकों पुरानी रविवार दर्शन वाली परंपरा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। इस वजह से उनके चाहने वालों में थोड़ी निराशा है।
अमिताभ बच्चन और उनके फैंस के बीच का रिश्ता बहुत गहरा और पुराना है। हर रविवार शाम को जलसा की बालकनी पर आना, हाथ हिलाकर अभिवादन करना और फैंस के प्यार को समेट लेना बिग बी की दिनचर्या का हिस्सा बन चुका था। वे अक्सर इस खास पल की तस्वीरें अपने ब्लॉग पर शेयर कर इसे एक धार्मिक अनुष्ठानकी तरह बताते रहे हैं।
शनिवार देर रात अमिताभ बच्चन ने अपने Tumblr ब्लॉग पर एक भावुक नोट शेयर कर इस रविवार के दर्शन को कैंसिल करने की जानकारी दी। उन्होंने अपने व्यस्त शेड्यूल और थकान की ओर इशारा करते हुए लिखा कि “काम पूरे जोश के साथ जारी है… लेकिन… एक लेकिन के साथ मेरा दिन खत्म होता है।
रविवार की छुट्टी का आनंद लेने के लिए समय चाहिए. यहां रविवार तो है, पर अफसोस कि इस बार जलसा के गेट पर कोई रविवार नहीं होगा। ” बिग बी ने आगे अपने फैंस से एक खास अपील करते हुए कहा, “अपनी यात्रा की ऊर्जा बचाकर रखिए और हम जल्द ही मिलेंगे। तब तक के लिए, विचारों की शांति और चिंतन में समय बिताएं। ”
हालांकि अमिताभ बच्चन ने किसी विशेष बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या का जिक्र नहीं किया है, लेकिन उनके शब्दों से यह साफ झलक रहा है कि लगातार काम के दबाव के बाद 83 वर्ष की आयु में उन्हें रिकवरी और शांति के लिए कुछ वक्त चाहिए। हालाँकि यह पहली बार नहीं है जब किसी विशेष कारण से यह मुलाकात टली हो।
फैंस अब अगले रविवार का इंतजार कर रहे हैं, जब एक्टर एक बार फिर अपनी बालकनी से हाथ लहराकर अपनी सलामती और प्यार का मैसेज देंगे।
