Arijit Singh In Politics : मशहूर प्लेबैक सिंगर अरिजीत सिंह ने हाल ही में ऐसा फैसला लिया है, जिसने उनके फैंस को चौंका दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अरिजीत ने प्लेबैक सिंगिंग से ब्रेक लेने का ऐलान किया है और अब वह अपनी जिंदगी के नए रास्ते तलाशना चाहते हैं।
खबरों की मानें तो 38 साल के अरिजीत सिंह अब राजनीति में कदम रखने पर विचार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि वह अपनी एक राजनीतिक पार्टी शुरू करने की सोच रहे हैं और आगे चलकर चुनाव भी लड़ सकते हैं। हालांकि, अरिजीत पहले जमीनी स्तर पर राजनीति को समझना चाहते हैं और सीधे बड़े चुनाव में उतरने के बजाय धीरे-धीरे आगे बढ़ने की योजना बना रहे हैं।
एक रिपोर्ट के अनुसार, अरिजीत सिंह के 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना काफी कम है। फिलहाल वह किसी बड़े चुनावी मैदान में उतरने के मूड में नहीं दिख रहे हैं।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के जियागंज से ताल्लुक रखने वाले अरिजीत सिंह ने राजनीति में आने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। ऐसे में उनकी राजनीतिक एंट्री को लेकर चल रही खबरें अभी सिर्फ अटकलों पर आधारित हैं।
अरिजीत सिंह ने करीब 15 साल तक म्यूजिक इंडस्ट्री में शानदार सफर तय किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक नोट शेयर कर बताया कि वह अब फिल्मों के लिए नए गाने नहीं गाएंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि जो प्रोजेक्ट्स पहले से तय हैं, उन्हें वह पूरा करेंगे। फैंस को 2026 में उनके कुछ नए गाने सुनने को मिल सकते हैं।
रिटायरमेंट की असली वजह अपने फैसले के पीछे की वजह बताते हुए अरिजीत ने कहा कि वह जल्दी बोर हो जाते हैं। उन्होंने लिखा कि वह लंबे समय से कुछ अलग और नया करना चाहते थे। एक ही तरह का काम करते-करते उन्हें ऊब महसूस होने लगी थी, इसलिए अब वह संगीत के नए रूपों और जिंदगी के दूसरे पहलुओं को एक्सप्लोर करना चाहते हैं।
अरिजीत सिंह का यह फैसला फैंस के लिए चौंकाने वाला जरूर है। अब हर किसी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या वह वाकई राजनीति में कदम रखेंगे या फिर किसी और नए सफर की शुरुआत करेंगे।
