Ahmedabad plane crash : 12 जून 2025 गुरुवार को अहमदाबाद में प्लेन क्रैश की दुखद घटना हुई। खबर के मुताबिक प्लेन एयर इंडिया का विमान बताया जा रहा है। दुर्घटना के वक्त प्लेन में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर सवार थे। गुजरात के अहमदाबाद में हुए इस हादसे को लेकर देशभर में लोग दुख व्यक्त करते हुए नजर आ रहे हैं। इस हादसे पर बॉलीवुड सेलेब्स ने भी दुख जताया है, जाह्नवी कपूर से लेकर परिणीति चोपड़ा, सोनू सूद से लेकर रितेश देशमुख तक इस हादसे पर दुख जताते हुए नजर आए हैं।
परिणीति चोपड़ा ने अपने एक हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की है, जिसमें उन्होंने अहमदाबाद हादसे में पीड़ित लोगों के परिवारों के लिए हौसले की कामना की है। उन्होंने लिखा है कि एयर इंडिया विमान दुर्घटना के शिकार लोगों के परिवार के सदस्यों के दर्द की कल्पना नहीं की जा सकती। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह इस दुख की घड़ी में उन्हें शक्ति प्रदान करें।
जाह्नवी कपूर ने भी अपने इंस्टा स्टोरी पर पर इस हादसे को लेकर पोस्ट शेयर की है और लिखा है कि वह इस दुर्घटना की खबर सुनने के बाद से दुखी हैं। उन्होंने कहा है कि इस दुख को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। वह हताहत हुए लोगों और दुर्घटना का शिकार हुए पीड़ितों के परिवार के लिए दुआ करती हैं।
