Dharmendra Update : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र इन दिनों स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। 89 वर्षीय धर्मेंद्र इस समय मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हैं। उनका पूरा नाम धर्मेंद्र केवल कृष्ण देओल है। फिल्म इंडस्ट्री में धर्मेंद्र ने एक से बढ़कर एक यादगार फिल्में दी हैं। अपनी दमदार एक्टिंग और अनोखी अदाओं से उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। सिनेमा के साथ-साथ उन्होंने राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी।
वर्ष 2004 से 2009 तक धर्मेंद्र ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर राजस्थान के बीकानेर संसदीय क्षेत्र से सांसद के रूप में काम किया। सांसद रहते हुए उन्हें ‘सैलरी, अलाउंस एंड पेंशन ऑफ मेंबर्स ऑफ पार्लियामेंट एक्ट, 1954’ के तहत पेंशन का अधिकार प्राप्त हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें इस कानून के अनुसार हर महीने लगभग ₹25,000 की पेंशन दी जाती थी। कानून के प्रावधानों के अनुसार, यदि कोई सांसद पांच साल से अधिक समय तक संसद का सदस्य रहता है, तो उसकी पेंशन में प्रति वर्ष ₹500 की बढ़ोतरी की जाती है।
इसके अलावा, इस अधिनियम में यह भी उल्लेख है कि सांसद की मृत्यु होने की स्थिति में उसकी पेंशन उसके जीवनसाथी को दी जाती है। धर्मेंद्र न सिर्फ एक महान अभिनेता बल्कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में भी लोगों के दिलों में आज तक बसे हुए हैं।
