Dhurandhar : रणवीर सिंह इस समय ‘धुरंधर’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म में रणवीर के अलावा सारा अर्जी, आर. माधवन, संजय दत्त, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल भी अहम रोल में हैं। फिल्म के शूटिंग सेट से ही एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। लेह में शूटिंग के दौरान अचानक एक बड़ा हादसा हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार की शाम को फिल्म की टीम के 100 से ज्यादा लोग फूड पॉइजनिंग के कारण अस्पताल में भर्ती हुए। कई लोगों को पेट दर्द, उल्टी और सिरदर्द की शिकायत हुई। उन्हें तुरंत सजल नारबू मेमोरियल (SNM) अस्पताल, लेह ले जाया गया। डॉक्टरों ने इसे मास फूड पॉइजनिंग का मामला बताया।
अधिकारियों के अनुसार, लगभग 600 लोगों ने वही खाना खाया था। खाने के सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि फूड पॉइजनिंग कैसे हुई। एक सीनियर डॉक्टर ने बताया कि मरीजों की संख्या ज्यादा होने के बावजूद उन्हें सही तरीके से संभाल लिया गया। पुलिस ने भी इमरजेंसी वार्ड में भीड़ को कंट्रोल किया और किसी तरह का घबराहट फैलने नहीं दिया। फिलहाल, फिल्म के निर्माता और रणवीर सिंह ने इस घटना पर कोई बयान नहीं दिया है।
‘धुरंधर’ की रिलीज डेट 5 दिसंबर 2025 को तय है। पिछले महीने, रणवीर के जन्मदिन पर फिल्म का टीजर रिलीज किया गया था, जिसे फैंस का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। फिल्म को सोलो रिलीज नहीं मिलेगा। उसी दिन विशाल भारद्वाज की शाहिद कपूर स्टारर फिल्म भी रिलीज होगी। वहीं, प्रभास की पैन-इंडिया फिल्म ‘द राजा साब’ भी 6 दिसंबर को रिलीज होने वाली है। हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया कि इसकी रिलीज पोस्टपोन हो सकती है, लेकिन अभी तक कोई ऑफिशियल ऐलान नहीं हुआ है।
