Elvish Yadav News : यूट्यूबर और बिग बॉस OTT 2 के विनर एल्विश यादव के गुरुग्राम वाले घर पर रविवार तड़के बड़ी वारदात हुई। बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उनके घर पर गोलियां बरसा दीं। घटना के समय घर के सभी सदस्य अंदर सो रहे थे।
एल्विश यादव के पिता का बयान
इस मामले पर पहला रिएक्शन देते हुए एल्विश के पिता राम अवतार यादव ने बताया कि घटना सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच हुई। उन्होंने कहा कि घर के बाहर से लगभग 25-30 गोलियां चलाई गईं। उस वक्त पूरा परिवार घर में था लेकिन कोई घायल नहीं हुआ।
उन्होंने आगे बताया कि जब हमला हुआ उस समय एल्विश घर पर मौजूद नहीं थे, क्योंकि वह अपने प्रोफेशनल काम के लिए शहर से बाहर थे। साथ ही उन्होंने यह भी साफ किया कि परिवार को घटना से पहले किसी तरह की धमकी या चेतावनी नहीं मिली थी।
CCTV में दिखे तीन हमलावर
राम अवतार यादव ने बताया कि CCTV फुटेज में तीन लोग नजर आए। इनमें से एक हमलावर बाइक पर खड़ा था और बाकी दो गेट के बाहर खड़े होकर गोलियां चला रहे थे।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और घर से सबूत इकट्ठा किए। वहीं, आस-पड़ोस के लोगों से भी पूछताछ की गई। सामने आए वीडियो में घर के दरवाजों और खिड़कियों पर गोलियों के कई निशान साफ दिखाई दे रहे हैं।
