Bigg Boss 19 : बिग बॉस 19 इस सीजन में शुरू से ही दर्शकों को खूब मसाला और मनोरंजन दे रहा है। कभी किचन की लड़ाई तो कभी तान्या मित्तल के विवादित बयान, जिस वजह से शो हमेशा चर्चा में बना हुआ है। इस बार सुर्खियों में आए टीवी एक्टर गौरव खन्ना, जिन्होंने इसी साल सेलिब्रिटी मास्टरशेफ का खिताब जीता था।
लेकिन उनके एक खुलासे ने लोगों को काफी हैरान कर दिया है बिग बॉस में उन्होंने सभी को चौंका दिया जब उन्होंने साफ कहा कि उन्हें भारतीय खाना बनाना नहीं आता। उनका ये बयान सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया और लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए कि कहीं सेलिब्रिटी मास्टरशेफ पहले से स्क्रिप्टेड शो तो नहीं था।
हाल ही में कैपटेंसी टास्क हुआ था। जिसमें टास्क के बाद तान्या मित्तल ने घर की कैप्टनशिप कुनिका सदानंद को दे दी। लेकिन कैप्टन बनने के साथ ही उनका और गौरव का पुराना स्ट्रेस खुलकर सामने आ गया। कैप्टन कुनिका ने गौरव को किचन की जिम्मेदारी दी, लेकिन गौरव ने तुरंत मना कर दिया और कहा- ‘मुझे इंडियन फूड बनाना नहीं आता, अगर मैं बनाऊंगा तो घरवालों को भूखा रहना पड़ेगा।’
इसके बाद कुनिका ने उनकी ड्यूटी बदलकर वॉशरूम साफ करने की कर दी और इसमें उनके साथ जिशान कादरी को भी लगाया। बाद में गौरव ने मृदुल तिवारी से बात करते हुए फिर दोहराया- ‘मुझे इंडियन खाना बनाना नहीं आता और ना ही मेरा मन है। मैंने मास्टरशेफ शो इस शो के लिए थोड़ी किया था। अब कोई एक्टर से कहे कि पूरा दिन एक्टिंग करो, ये तो गलत है। वहां लोगों ने देख लिया था मुझे कुकिंग कितनी आती है, लेकिन यहां तो मेरी पर्सनैलिटी देखनी चाहिए।’
गौरव के इस बयान के बाद इंटरनेट पर बहस छिड़ गई। एक वायरल क्लिप में यूजर्स ने तंज कसते हुए लिखा- ‘तो क्या मास्टरशेफ स्क्रिप्टेड था? गौरव डरते हैं कि लोग उनका असली खाना खा लेंगे तो राज खुल जाएगा।’ एक और यूजर ने लिखा- ‘अगर इंडियन खाना नहीं आता तो और कुछ बना लो, किसने रोका है?’ एक यूजर ने तो यह भी लिख दिया कि ‘अब तो पक्का है कि मास्टरशेफ स्क्रिप्टेड शो था।’
