Anupamaa : देश के बेहद लोकप्रिय टेलीविजन शोज़ में शुमार ‘अनुपमा’ के सेट पर मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। यह हादसा मुंबई के गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में हुआ, जब शो की शूटिंग की तैयारियां ज़ोरों पर थीं। हादसे में अनुपमा का पूरा सेट जलकर खाक हो गया।
जानकारी के मुताबिक, शो की शूटिंग सुबह 7 बजे शुरू होनी थी। सेट पर क्रू मेंबर्स मौजूद थे और लाइटिंग व साउंड जैसे जरूरी तकनीकी काम चल रहे थे, तभी अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी सेटिंग को अपनी चपेट में ले लिया। आनन-फानन में फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
