Jacqueline Fernandez : बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज हाल ही में एक ऐसे मासूम बच्चे से मिलीं जो हाइड्रोसिफलस नामक गंभीर और दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है। इस मुलाकात के दौरान जैकलीन ने न केवल उस बच्चे से स्नेहपूर्वक बातचीत की, बल्कि उसकी ज़रूरी सर्जरी का पूरा खर्च भी उठाने का वादा किया। यह दिल छू लेने वाला पल सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है।
इस वीडियो में जैकलीन के साथ समाजसेवी और डिजिटल इन्फ्लुएंसर हुसैन मंसूरी भी नज़र आ रहे हैं। उन्होंने इस भावुक क्षण को इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए अभिनेत्री की सराहना की और लोगों से बच्चे की सलामती के लिए दुआ करने की अपील की।
हुसैन मंसूरी द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि जैकलीन बच्चे को दुलारते हुए उसके परिवार से भी बातचीत कर रही हैं। इस वीडियो को जैकलीन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए लिखा, “धन्यवाद हुसैन भाई। आइए हम सब मिलकर मोहम्मद और उसके परिवार के लिए प्रार्थना करें।”
बताया जा रहा है कि बच्चा हाइड्रोसिफलस नामक बीमारी से ग्रसित है, जिसमें मस्तिष्क में तरल पदार्थ जमा हो जाता है और सिर का आकार असामान्य रूप से बढ़ने लगता है। यह स्थिति गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकती है, जिसके लिए सर्जरी आवश्यक होती है।
