Kalki Koechlin : बॉलीवुड एक्ट्रेस कल्कि कोचलिन ने हाल ही में अपने मां बनने के बाद के दर्दनाक अनुभव को लोगों के साथ शेयर किया है। उन्होंने बताया कि कैसे डिलीवरी के बाद उनका शरीर पूरी तरह बदल गया और उन्हें बहुत तकलीफ से गुजरना पड़ा। कल्कि ने यह सारी बातें एक इंटरव्यू के दौरान बताईं, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया।
कल्कि कोचलिन ने साल 2020 में अपनी बेटी सैप्पो को जन्म दिया था। वह इजरायली म्यूजिशियन गाय हर्शबर्ग के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहती हैं। कल्कि ने बताया कि मां बनने के बाद उनके प्राइवेट पार्ट की हालत बेहद खराब हो गई थी। उन्होंने कहा, ‘जब मेरी बेटी पैदा हुई, तब मेरे वजाइना का हाल बेहद बुरा था। मतलब इतना खराब कि मैं खुद को देख भी नहीं पा रही थी।’
शरीर में आए बदलाव
कल्कि ने बताया कि डिलीवरी के बाद उनका प्राइवेट पार्ट फट गया था और उसमें टांके लगे थे। उन्होंने कहा, ‘डिलीवरी के बाद वो हिस्सा फट जाता है, टांके लगते हैं, लेकिन इस चीज के बारे में कोई बात नहीं करता। मतलब करना चाहिए ना।’ उन्होंने इस दर्द को इतना मुश्किल बताया कि वह नॉर्मल जिंदगी में वापस लौट ही नहीं पा रही थीं। उन्होंने बताया कि दर्द की वजह से वह अपने पार्टनर के साथ संबंध भी नहीं बना पा रही थीं।
पोस्टपार्टम डिप्रेशन
कल्कि ने पोस्टपार्टम डिप्रेशन के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि इस दौरान उनका वजन भी बहुत बढ़ गया था, जो उन्हें बिल्कुल अच्छा नहीं लगता था। ‘पोस्टपार्टम, डिप्रेशन, वेट गेन सब अपनी जगह है, लेकिन जिस बदलाव से हम गुजरते हैं, वो देखने लायक भी नहीं होता है।’
कल्कि ने जोर देकर कहा कि लोगों को इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि एक बच्चे को जन्म देने के बाद एक औरत किस हाल से गुजरती है। उन्होंने उन महिलाओं के बारे में भी सोचने को कहा, जो दो-तीन बच्चों की मां बनती हैं। कल्कि की बातों ने यह साबित कर दिया कि मां बनना कोई आसान काम नहीं है और इसके बाद महिलाओं को बहुत सी शारीरिक और मानसिक परेशानियों से गुजरना पड़ता है।
अनुराग कश्यप से तलाक
बता दें कि कल्कि कोचलिन की पहली शादी बॉलीवुड डायरेक्टर अनुराग कश्यप से हुई थी, लेकिन कुछ ही समय बाद दोनों का तलाक हो गया था। अब कल्कि अपनी बेटी सैप्पो और पार्टनर गाय हर्शबर्ग के साथ खुशहाल जिंदगी बिता रही हैं। उन्होंने बिना शादी किए बेटी को जन्म देने का फैसला लिया था और वह अपनी जिंदगी के इस नए पड़ाव को खुलकर जी रही हैं।
