Bollywood News : ऐसा पहली बार नहीं है की कोई एक्ट्रेस बिना शादी के प्रेग्नेंट हुई हो और पर ट्रोलिंग का सामना न करना पड़ा हो। अब एक और एक्ट्रेस ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें भी इस दौरान काफी कुछ सुनने को मिला। बॉलीवुड की कई एक्ट्रेसेस रिलेशनशिप के दौरान प्रेग्नेंट हो चुकी हैं और इन्हीं में से एक हैं ‘ये जवानी है दीवानी’ फेम कल्कि कोचलिन। अनुराग कश्यप से तलाक के बाद कल्कि लिव-इन रिलेशनशिप में रहते हुए मां बनीं। शादी के बिना मां बनने पर उन्हें खूब ट्रोल किया गया। अब कल्कि ने इस पूरे अनुभव को लेकर खुलकर अपनी बात रखी है।
हालिया इंटरव्यू में कल्कि कोचलिन ने बताया कि समाज के नजरिए से बिना शादी के मां बनना आज भी एक बड़ी बात मानी जाती है, जबकि हकीकत में यह बिल्कुल सामान्य है। उन्होंने कहा, “यह उन बातों में से एक है जो मुझे पता है कि कोई खास मुद्दा नहीं है, लेकिन बहुत से लोगों के लिए यह अब भी बड़ी बात है। जब मैं प्रेग्नेंट हुई, उस वक्त मेरी शादी नहीं हुई थी, तो लोग हैरान थे और सवाल उठाने लगे कि बिना शादी के मां कैसे बन गई? ये सोच और शब्दावली तो 18वीं सदी जैसी लगती है।”
कल्कि कोचलिन ने आगे कहा, “क्या मैं शेक्सपीयर के किसी नाटक की किरदार हूं? ये बात मेरी समझ से बाहर है। हां, मैं अपने पार्टनर के साथ रह रही थी, हम लंबे समय से साथ थे। हमारा एक बच्चा हुआ, और ये बिल्कुल सामान्य बात है। जब दो लोग साथ रहते हैं, तो ऐसा होना स्वाभाविक है। हम साथ सोते थे, साथ रहते थे, तो ये होना तय था। मुझे लगता है कि हम अक्सर एक ऐसे समाज में जी रहे होते हैं जहां हम दिखावा करते हैं कि ये सब चीजें होती ही नहीं, जबकि हमारी आबादी इतनी ज़्यादा है, इसका मतलब है कि ये सब तो होता ही है।”
कल्कि कोचलिन 2020 में बिना शादी के मां बनी थीं। बता दें कि उन्होंने 2011 में अनुराग कश्यप से शादी की थी, लेकिन 2015 में उनका तलाक हो गया। इसके बाद कल्कि इजराइली म्यूजिशियन गाय हर्शबर्ग के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगीं। इसी दौरान 2020 में इस कपल ने अपनी बेटी सप्पो का स्वागत किया। हालांकि अब कल्कि और गाय ने शादी कर ली है।
