Kantara A Legend Chapter 1 : कन्नड़ सुपरहिट फिल्म ‘कांतारा’ का प्रीक्वल ‘कांतारा ए लीजेंड: चैप्टर 1’ अब बड़े पर्दे पर आने के लिए तैयार है। मेकर्स ने ऑफिशियल तौर पर ऐलान किया है कि फिल्म का ट्रेलर 22 सितंबर दोपहर 12:45 बजे लॉन्च किया जाएगा। वहीं फिल्म की रिलीज डेट 2 अक्टूबर 2025 तय की गई है।
पहली फिल्म ‘कांतारा’ को दर्शकों ने खूब प्यार दिया था। अब इसका प्रीक्वल दर्शकों को उस दौर में ले जाएगा, जब इन पौराणिक परंपराओं और पुश्तैनी संघर्षों की शुरुआत हुई थी। इस फिल्म को भी ऋषभ शेट्टी ने लिखा और डायरेक्ट किया है।
होम्बाले फिल्म्स के बैनर तले विजय किरागंदुर इस फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा- ‘तैयार हो जाइए कांतारा चैप्टर 1 की दुनिया देखने और एक नई लीजेंड के जन्म का गवाह बनने के लिए।’
एक्शन सीन्स को और दमदार बनाने के लिए इंटरनेशनल और लोकल टीम को शामिल किया गया है। स्टंट्स पर काम कर रहे हैं अर्जुन राज, टोडोर लजारोव (जूजी), राम-लक्ष्मण, महेश मैथ्यू और मितुन सिंह राजपूत। वहीं डांस सीन्स की जिम्मेदारी भूषण और स्वराज शेट्टी के पास है।
‘कांतारा ए लीजेंड: चैप्टर 1’ अगले महीने 2 अक्टूबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसे एक मिथोलॉजिकल एक्शन-ड्रामा के रूप में पेश किया जा रहा है। कहानी आस्था, लोककथाओं और पीढ़ियों से चले आ रहे संघर्षों पर आधारित होगी। पहले पार्ट की सफलता को देखते हुए उम्मीद है कि यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करेगी। ट्रेलर रिलीज के बाद दर्शकों को फिल्म की झलक और साफ नजर आएगी।
