Kiran Rao Hospital Discharge : आमिर खान की एक्स वाइफ और फिल्ममेकर किरण राव हाल ही में सर्जरी के लिए हॉस्पिटल में एडमिट हुईं और अब उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। इसी बीच अब उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें शेयर करते हुए हेल्थ के बारे में जानकारी दी। सोशल मीडिया पर उन्होंने जो तस्वीरें शेयर की हैं उसमें उन्होंने अपने हाथ पर बंधे बैंड की तस्वीर भी शेयर की है। इस पर किरण राव का नाम ‘किरण आमिर राव खान’ लिखा है।
किरण राव ने इंस्टाग्राम पर हॉस्पिटल से अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें देखा जा सकता है कि एक फोटो में उन्होंने अपने हाथ पर बैंड बंधा है। जिस पर उनका नाम ‘किरण आमिर राव खान’ लिखा है, जो लोगों का ध्यान खीच रहा है।
किरण राव ने अपनी सेहत की जानकारी देते हुए पोस्ट में लिखा ‘मैं यहां 2026 में पार्टी करने के लिए पूरी तरह तैयार थी, तभी अपेंडिक्स ने मुझे याद दिलाया कि थोड़ी धीमा हो जाओ। गहरी सांस लो और शुक्रगुजार रहो। खैर, मुझे हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई है और मैं घर वापस आ गई हूं। नए साल की आराम से शुरुआत करने के लिए तैयार हूं।’
बता दें, किरण राव आमिर खान से लगभग तीन साल पहले अलग हो गई थीं। हालांकि, उन्होंने अब तक अपने नाम के आगे से आमिर खान का नाम नहीं हटाया है। अब भी वो अपने नाम के साथ आमिर खान का नाम लिखती हैं। किरण राव ने नाम बदले के विचार पर 2011 में टीओआई से कहा था, ‘मेरा मानना है कि किरण राव खान बहुत स्टाइलिश नाम लगेगा।
जब आप बड़े होते हैं और अपना नाम सुनते हैं, तो उम्मीद करते हैं कि काश आपका नाम अच्छा होता। किरण राव नाम सिंपल है। मैं कभी समझ नहीं पाई कि लोग अपना नाम कैसे बदल सकते हैं। मैं जैसी हूं वैसी ही रहने में अच्छा महसूस करती हूं और आमिर भी। वो मुझे समझते हैं।’
आपको बता दें कि किरण राव और आमिर खान ने 2005 में शादी की थी। 15 साल के बाद जुलाई 2021 में दोनों ने तलाक के जरिए अलग होने का फैसला किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों ने कुछ समय तक अलग रहने के बाद यह फैसला किया। दोनों ने बताया था कि वो अपने बेटे आजाद की परवरिश करते रहेंगे। बता दें, किरण से अलग होने के बाद, आमिर अपनी लव लाइफ में आगे बढ़ गए हैं। इस साल की शुरुआत में, एक्टर ने गौरी स्प्रैट के साथ अपने रिश्ता कंफर्म किया है।
