Kunickaa Sadanand : टीवी और फिल्मों की जानी-मानी अदाकारा कुनिका सदानंद इन दिनों बिग बॉस 19 का हिस्सा हैं। घर के अंदर उनकी छवि एक ‘मदर फिगर’ यानी मां जैसी शख्सियत के रूप में देखी जा रही है। उनकी उम्र और अनुभव की वजह से लोग उन्हें सम्मान देते हैं, हालांकि शो में उनके झगड़े और विवाद भी चर्चा में रहते हैं।
लेकिन अब घर के बाहर भी उन्हें लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, सोशल मीडिया पर उनका एक पुराना इंटरव्यू क्लिप वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने बॉलीवुड इंडस्ट्री को लेकर ऐसा बयान दिया है जिससे नेटिजन्स भड़क गए हैं।
सिद्धार्थ कन्नन को दिए गए इंटरव्यू में कुनिका सदानंद ने कहा था कि बॉलीवुड में रेप जैसी घटनाएं नहीं होतीं। उनका मानना था कि इसमें महिलाओं की तरफ से भी कहीं न कहीं इशारा होता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा- “हमारी इंडस्ट्री में मैं मानती हूं कि रेप नहीं होता। कहीं न कहीं लड़की की तरफ से भी एक हिंट होता है। अब जैसे मैं आपके पास काम के लिए आई और कहा- ‘हाय सर, मुझे काम करना है, कोई अच्छा रोल हो तो बताइए।’ लेकिन यही बात अगर आप अलग अंदाज में कहेंगे तो ये भी एक इशारा ही है।”
इसके बाद उन्होंने आगे कहा- “मैंने कभी किसी को यह कहते नहीं सुना कि कोई साफ-साफ और सीधे तरीके से पेश आया हो और उसके साथ जबरदस्ती हुई हो। मैं हमेशा साफ बोलती हूं कि मुझे किसी भी कीमत पर हीरोइन नहीं बनना है।”
जैसे ही यह वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ, लोगों ने कमेंट्स में अपनी नाराजगी जताई। एक यूजर ने लिखा- ‘और ये औरतों के सशक्तिकरण की बात करती हैं?’ दूसरे यूजर ने लिखा- ‘खुद को फेमिनिस्ट कहती हैं और ऐसे बयान देती हैं, हैरानी की बात है।’ हालांकि कुछ लोग उनके बयान को सच बताने की कोशिश भी कर रहे हैं, लेकिन ज्यादातर लोग उनकी आलोचना कर रहे हैं।
