अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धांसू प्रदर्शन का फल मोहम्मद सिराज (Mohammad Siraj) को मिला है। टी20 वर्ल्ड कप के बाद तेलंगाना सरकार ने एक वादा किया था, जिसे निभाने का काम भी किया है। सरकार ने मोहम्मद सिराज को पुलिस विभाग में एक महत्वपूर्ण पद सौंपा है, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है।
तेलंगाना सरकार ने सिराज को भूमि और सरकारी नौकरी प्रदान करने की घोषणा की थी। अब उसी घोषणा के तहत सिराज को पुलिस विभाग में डीएसपी (DSP) का पद दिया गया है। शुक्रवार को ही सिराज को यह जिम्मेदारी दी गई थी। भारतीय क्रिकेटर ने इसे स्वीकार कर लिया।
हालांकि वह टीम इंडिया के लिए खेलते रहेंगे। पुलिस विभाग में नौकरी के लिए भी उनको तनख़्वाह मिलेगा। इसके लिए हर महीने तय रकम सिराज के खाते में आएगी। सरकारी अफसरों की रैंक के हिसाब से तय राशि सिराज को बतौर सैलरी मिलने वाली है।
इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार तेलंगाना पुलिस में डीएसपी का वेतनमान अच्छा है। यह 58000 रुपये प्रति माह से लेकर 137050 रुपये तक जाता है। इसके अलावा भी उनको कुछ अन्य भत्ते भी मिलेंगे। उन्हें इसमें आवास भत्ता, चिकित्सा भत्ता और यात्रा भत्ता भी मिलेगा। इन सबको मिलाने पर सिराज की सैलरी और ज्यादा हो जाएगी। उनको हैदराबाद में ही पोस्टिंग मिल सकती है।
(Mohammad Siraj) मोहम्मद सिराज पहली बार टीम इंडिया में ऑस्ट्रेलिया दौरे के समय शामिल हुए थे। उसी समय उनके ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था। उनके पिता का निधन हो गया था और वह ऑस्ट्रेलिया में ही टीम इंडिया के लिए खेल रहे थे। सिराज वापस घर नहीं आए थे। टीम इंडिया ने वहां सीरीज जीती थी और सिराज का भी उसमें अहम रोल रहा था। आईपीएल में सिराज के शानदार प्रदर्शन के बाद उनको टीम इंडिया में शामिल किया गया था। इसके बाद उन्होंने रेड बॉल क्रिकेट के अलावा सफेद गेंद क्रिकेट में भी अपना कमाल दिखाया और अब भारतीय टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण में मुख्य गेंदबाजों में से एक हैं।
