Pavitra Rishta Actress News : पवित्र रिश्ता से प्रसिद्ध अभिनेत्री प्रार्थना बेहेरे ने अपने पिता के अचानक निधन पर गहरा दुख जताया है। उनके पिता 14 अक्टूबर को एक सड़क हादसे में चल बसे। प्रार्थना ने टीवी शो में वैशाली करंजकर का रोल निभाया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश शेयर कर अपने पिता को याद किया। प्रार्थना ने लिखा कि पिता के चले जाने से उनका जीवन जैसे ठहर सा गया है।
उन्होंने कहा कि पिता की यादें हमेशा उनके दिल में रहेंगी और वह उन्हें गौरवान्वित करने के लिए और मेहनत करेंगी। रविवार को प्रार्थना ने इंस्टाग्राम पर अपने पिता की एक तस्वीर पोस्ट की और लिखा, “मर के भी किसी को याद आएंगे, किसी के आंसुओं में मुस्कुराएंगे, कहेगा फूल हर कली से बार बार, जीना इसी का नाम है, मेरे बाबा… 14 अक्टूबर को सड़क हादसे में उनका निधन हो गया।
आपके जाने के बाद जिंदगी मानो रुक सी गई है। आपकी हंसी आज भी हमारे कानों में गूंजती है, और आपका आत्मविश्वास हमें ताकत देता है। आपने हमें सिखाया कि खुशी परिस्थिति से नहीं, नजरिए से मिलती है। आपकी ईमानदारी और लोगों के प्रति आपका प्यार हमें मानवता का असली मतलब समझाता है।”
उन्होंने आगे लिखा, “भले ही आप अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन आपकी यादें और आपकी बातें हमें हमेशा ताकत देंगी। आपका अचानक चले जाना बहुत दुखद है, लेकिन आप हमारी यादों में हमेशा जीवित रहेंगे और हम जब चाहें आपसे बात कर सकते हैं।”
