Bollywood On Delhi Blast : दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके से पूरा देश हिला हुआ है। इस दिल दहला देने वाले हादसे में अबतक 12 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद पूरे देश में शोक का माहौल है जिसपर बॉलीवुड सेलेब्स ने भी दुख जताया है।
बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन ने धमाके पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘दिल्ली विस्फोट में अपने करीबियों को खोने वाले सभी परिवारों के लिए मेरी संवेदनाएं। यह खबर बेहद भयानक है।’ रवीना के इस पोस्ट पर लोगों ने भी अपनी भावनाएं जताईं और सभी ने एक सुर में कहा कि देश को इस मुश्किल वक्त में एकजुट रहना चाहिए।
वहीं, एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा के पति और आप नेता राघव चड्डा ने भी इस घटना पर चिंता जताई। उन्होंने लिखा, ‘दिल्ली में लाल किले के पास हुए दुखद विस्फोट से मन बेहद परेशान है। कई जानें चली गईं और कई लोग घायल हैं। मेरी प्रार्थनाएं सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। कृपया सतर्क रहें और सुरक्षा सलाह का पालन करें। ऐसे समय में हमें एकजुट होकर एक-दूसरे का सहारा बनना चाहिए। ‘
सोमवार शाम करीब 6:52 बजे एक धीमी गति से चल रही गाड़ी लाल बत्ती पर रुकी थी, तभी उसमें जोरदार धमाका हो गया. धमाका इतना तेज था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस, एफएसएल और एनआईए की टीम जांच में जुटी। दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने बताया कि ‘घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है और जो भी साक्ष्य मिलेंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी’
घायल लोगों को एलएनजेपी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं सोशल मीडिया पर इसे आतंकी हमला बताया जा रहा है, लेकिन अब तक पुलिस या किसी एजेंसी ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर से राजधानी की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सितारे और आम लोग सभी बस यही दुआ कर रहे हैं कि ऐसा मंजर दोबारा कभी न देखने को मिले।
