Firing on Rohit Shetty’s Home : बॉलीवुड के जाने-माने फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर 1 फरवरी को सुबह फायरिंग हुई और फिल्म गलियारों में सनसनी मच गई। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और जांच में जुट गई और 5 लोगों को हिरासत लेकर पूछताछ की गई। वहीं, रोहित शेट्टी ने भी पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज करवाया है। इसी बीच एक रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने आगे के सभी प्लान कैंसिल कर दिए हैं।
रोहित शेट्टी के घर पर सुरक्षा की गई कड़ी
एक रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग के बाद उनके घर की सुरक्षा को कड़ा कर दिया गया है। वहीं, वह पुलिस जांच में मदद कर रहे हैं। रोहित शेट्टी ने इंडस्ट्री में अपने सभी करीबी दोस्तों से अपील की है कि वह उनके घर ना आए। वो उनके लिए फोन पर मौजूद हैं। इसके साथ ही डायरेक्टर ने अपनी अगले सभी प्लान कैंसिल कर दिए हैं। हालांकि, रोहित शेट्टी या उनके परिवार की तरफ से अभी कोई ऑफिशियल स्टेटमेंट नहीं आया है।
रोहित शेट्टी को घर में घुसकर मारने की दी गई धमकी
गौरतलब है कि डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी शुभम लोनकर, आरजू बिश्नोई और हरि बॉक्सर ने ली है। इन लोगों ने सोशल मीडिया पर बताया है कि उन्होंने ही रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग करवाई है। शुभम लोनकर ने डायरेक्टर को धमकी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने उनके काम में दखल देना बंद नहीं किया तो उन्हें मार देंगे। जो गोलियां अभी उनके घर के बाहर चलाई हैं, वो उनके बेडरूम में घुसकर उनकी छाती पर मारेंगे। ये तीनों गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य हैं।
बताते चलें कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े सितारों के घर पर फायरिंग का पहला मामला नहीं है। रोहित शेट्टी से पहले सलमान खान के घर पर भी फायरिंग हुई है। इसके अलावा दिशा पाटनी और एल्विश यादव के घर पर फायरिंग हुई और कपिल शर्मा के कैफे पर गोलियां चलाई गई थीं। इस तरह की फायरिंग की घटनाओं ने फिल्मी दुनिया के सितारों को खौफ में जीने पर मजबूर कर दिया है और उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
