Saiyaara : रोमांटिक फिल्म ‘सैयारा’ ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था। पहले दो हफ्तों तक फिल्म ने शानदार परफॉर्म किया और 300 करोड़ का आंकड़ा भी पार कर लिया। लेकिन अब फिल्म की रफ्तार धीमी होती नजर आ रही है।
फिल्म अब अपने तीसरे हफ्ते में पहुंच चुकी है और कमाई में हल्की गिरावट देखने को मिल रही है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, ‘सैयारा’ ने अपने 19वें दिन यानी तीसरे मंगलवार को 2.50 करोड़ की कमाई की। ये आंकड़ा सोमवार की कमाई 2.35 करोड़ से थोड़ा बेहतर जरूर है, लेकिन अब फिल्म की रफ्तार पहले जैसी नहीं रही।
फिल्म आहान पांडे की पहली फिल्म थी और ये डेब्यू उनके लिए किसी सपने से कम नहीं रहा। उनकी और अनीत पड्डा की केमिस्ट्री, इमोशनल कहानी और मोहित सूरी का दमदार डायरेक्शन लोगों को खूब पसंद आया। रिलीज के पहले दिन से ही ‘सैयारा’ एक ब्लॉकबस्टर साबित हुई। नई फिल्मों से बढ़ा बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला तीसरे हफ्ते में ‘सैयारा’ को अन्य फिल्मों से कड़ी टक्कर मिल रही है।
‘महावतार नरसिम्हा’, जो 25 जुलाई को रिलीज हुई, पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ की वजह से अच्छा प्रदर्शन कर रही है। 1 अगस्त को दो और बड़ी फिल्में रिलीज हुईं- ‘सन ऑफ सरदार 2’ और ‘धड़क 2’। अजय देवगन और मृणाल ठाकुर की ‘सन ऑफ सरदार 2’ ने मंगलवार को 2.50 करोड़ कमाए और अब फिल्म की कुल कमाई 29.60 करोड़ हो गई है। वहीं सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी की ‘धड़क 2’ ने 1.60 करोड़ कमाए, जिसेक बाद फिल्म का टोटल कलेक्शन 14.35 करोड़ हो गया है। इन नई फिल्मों की एंट्री से ‘सैयारा’ की पकड़ थोड़ी ढीली जरूर हुई है।
