Sangeeta Bijlani : 65 वर्षीय संगीता बिजलानी, जो कभी सलमान खान के साथ अपने रिश्ते को लेकर चर्चा में रही थीं, भले ही अब फिल्मों से दूर हैं, लेकिन अपनी ग्लैमरस मौजूदगी के कारण आज भी सुर्खियों में बनी रहती हैं।
अक्सर उन्हें खान परिवार के कार्यक्रमों में देखा जाता है। हाल ही में उन्होंने अपने फार्महाउस में हुई चोरी की घटना को लेकर खुलकर अपनी बात रखी और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की। पुणे में आयोजित एक पुरस्कार समारोह में शामिल होने पहुंचीं संगीता बिजलानी ने महिलाओं की सुरक्षा, बढ़ती चोरी की घटनाएं और जरूरी सुरक्षा उपायों पर अपनी राय रखी।
उन्होंने बताया कि, “मैंने पुणे के एसपी संदीप सिंह गिल से मुलाकात की है। खास तौर पर इस मकसद से पुणे आई थी कि उनसे मिलकर मामले की जल्द जांच की मांग कर सकूं। मेरे फार्महाउस में चोरी हुई है और एक महिला के रूप में मैं खुद को अपने ही घर में असुरक्षित महसूस कर रही हूं। मैं वहां पिछले बीस वर्षों से रह रही हूं, लेकिन पहली बार ऐसा लग रहा है कि मैं सुरक्षित नहीं हूं।”
संगीता ने यह भी कहा कि यह मामला सिर्फ उनके लिए ही नहीं, बल्कि पावना क्षेत्र में रहने वाले सभी लोगों के लिए चिंता का विषय है। “वहां कई परिवार अपने बच्चों और बुजुर्गों के साथ रहते हैं, इसलिए उस इलाके का सुरक्षित होना बेहद जरूरी है।”
