Satish Shah Wife : मनोरंजन की दुनिया इन दिनों मशहूर अभिनेता सतीश शाह के निधन से दुखी है। 25 अक्टूबर 2025 को 74 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे किडनी फेल होने की वजह से दुनिया को अलविदा कह गए।
सतीश शाह ने अपने करियर में ‘ये जो है जिंदगी’, ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ जैसे सुपरहिट शोज और कई फिल्मों में यादगार किरदार निभाए थे। उनकी मौत से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री दोनों में गहरा शोक है। लेकिन इस गम के बीच एक और भावुक खबर सामने आई है। सतीश शाह की पत्नी मधु शाह गंभीर बीमारी अल्जाइमर (Alzheimer’s) से जूझ रही हैं।
सतीश शाह के करीबी दोस्त और एक्टर सचिन पिलगांवकर ने उनके आखिरी दिनों को याद करते हुए बताया कि सतीश शाह अपनी पत्नी की देखभाल के लिए जिंदगी से लड़ते रहे। सचिन ने कहा- ‘दुर्भाग्य से मधु जी की तबीयत भी ठीक नहीं थी। उन्हें अल्जाइमर है। इस साल सतीश ने किडनी ट्रांसप्लांट करवाया था क्योंकि वो ज्यादा समय तक जिंदा रहकर मधु की देखभाल करना चाहते थे। वो डायलिसिस पर थे और इससे पहले बायपास सर्जरी भी करा चुके थे, जो सक्सेसफुल रही थी।’
सतीश शाह ने अपनी आखिरी सांस तक पत्नी के लिए डेडिकेशन और प्यार दिखाया। अपनी खुद की तबीयत खराब होने के बावजूद, वो सिर्फ इस उम्मीद में जिंदा रहना चाहते थे कि वे अपनी पत्नी का साथ निभा सकें।
अल्जाइमर एक ऐसी बीमारी है जो दिमाग पर असर डालती है। इस बीमारी में इंसान की याददाश्त धीरे-धीरे कमजोर होने लगती है। मरीज को चीजें याद नहीं रहतीं, फैसले लेने में मुश्किल होती है और रोजमर्रा के काम करने में परेशानी आने लगती है। यह बीमारी ज्यादातर 65 साल से ज्यादा उम्र के लोगों में पाई जाती है। दुनियाभर में डिमेंशिया (Dementia) के 60-80% मामलों की वजह यही बीमारी होती है।
