Satish Shah Prayer Meet : दिग्गज अभिनेता सतीश शाह के निधन के बाद उनके परिवार समेत फैंस और दोस्त भी काफी दुखी हैं। लेकिन इस वक्त उनके दोस्त, परिवार और सह कलाकारों का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सभी गाना गाकर सतीश को अलविदा कहते हुए नजर आ रहे हैं। ये वीडियो सोमवार 27 अक्तूबर का बताया जा रहा है और इसमें उनके मशहूर सीरियल के कलाकार और परिवार नजर आ रहा है। सभी जानते हैं कि फिल्मों से लेकर टेलीविजन तक दिवंगत अभिनेता ने अमिट छाप छोड़ी है।
बता दें कि ये वीडियो मुंबई के जुहू स्थित जलाराम हॉल से सामने आया है। इस मार्मिक विदाई का दृश्य जिसने भी देखा वो इमोशनल हो गया। वायरल वीडियो में सतीश शाह के बेटा और उनकी पत्नी भी नजर आ रही है। पत्नी के पास जब माइक जाता है कि तो उनकी आवाज में वो दर्द साफ झलक रहा है जो कि पति के जाने के बाद उनके चेहरे पर आया है।
कौन कौन था मौजूद? इस विदाई समारोह में कई सितारे मौजूद थे। इस लिस्ट में सुमित राघवन, रूपाली गांगुली और राजेश कुमार जैसे कई कलाकार शामिल थे। लगातार गाना गाते ये कलाकार लोगों को भावुक कर रहे हैं। इस दौरान उनके शो साराभाई बनाम साराभाई का गाना सभी गा रहे हैं जो आंसू भरने के लिए काफी है। निर्माता जे.डी. मजेठिया, जिनका सतीश के साथ घनिष्ठ संबंध था इस इवेंट को लेकर बात की थी।
उनका कहना था, “साराभाई का परिवार जब भी मिलता था एक रस्म, कोई भी निकल रहा होता घर में तो हम गाना गाते थे साराभाई का। तो जब हमने दाह संस्कार पर गाना गाया तो हर किसी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि काश हम भी उस पल का हिस्सा होते। हमने इतना प्यार किया है साराभाई परिवार को, तो एक आखिरी रात सतीश जी की याद में सब साथ मिल जाएंगे।”
