Shahrukh-Vishal Together : बी टाउन में जब भी दो बड़े नाम एक साथ आते है, तो क्रेज़ बढ़ना लाजमी है। ऐसा ही कुछ हो रहा है जबसे पिछले कुछ दिनों से शाहरुख खान और मशहूर फिल्ममेकर विशाल भारद्वाज सुर्खियों में है। लंबे समय से दोनों के साथ काम करने की चर्चाएं होती रही हैं, लेकिन लगता है अब यह इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। शाहरुख खान इन दिनों अपनी आने वाली एक्शन फिल्म ‘किंग’ की तैयारी में जुटे हुए हैं। इसी बीच विशाल भारद्वाज ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में हिंट दिया कि वह और शाहरुख कई कहानियों पर बातचीत कर चुके हैं।
एक इंटरव्यू में विशाल ने कहा कि साल में कई बार वह शाहरुख से अलग-अलग स्टोरी आइडिया को लेकर बात करते हैं और वह हर बार बहुत प्यार से जवाब देते हैं। वह सिर्फ एक बड़े स्टार ही नहीं, बल्कि बेहद अच्छे इंसान भी हैं। विशाल ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने हाल ही में शाहरुख को एक नई कहानी भेजी है। शाहरुख भी अक्सर उनसे कहते हैं कि दोनों को कम से कम एक फिल्म तो साथ में जरूर करनी चाहिए। विशाल ने उम्मीद जताई कि शायद इस बार दोनों साथ में प्रोजेक्ट शुरू कर सके।
बता दें, विशाल भारद्वाज अपने अलग अंदाज की फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उनकी फिल्मों में गहराई, संवेदनशीलता और मजबूत कहानी देखने को मिलती है। उन्होंने मकबूल, कमीने और हैदर जैसी फिल्मों से दर्शकों का दिल जीता है। उनकी फिल्मों में किरदार बहुत रियल और प्रभावशाली होते हैं। ऐसे में अगर वह शाहरुख खान के साथ काम करते हैं, तो यह जोड़ी जरूर कुछ खास लेकर आ सकती है। हालांकि अभी तक कुछ फाइनल नहीं है।
विशाल की नई फिल्म ओ रोमियो 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है।
