Sunny Leone Controversy : बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस और खूबसूरत मॉडल सनी लियोन अपनी खूबसूरती के साथ ही अपनी बोल्ड डांस परफॉर्मेंस के लिए भी जानी जाती हैं। नए साल के सेलिब्रेशन के मौके पर सनी लियोन की हर साल ही पहले से बुकिंग रहती है। देश के बड़े शहरों में सनी लियोन परफॉर्म कर नए साल के जश्न को और भी बढ़ा देती हैं।
बता दें कि सनी लियोन का इस बार का कार्यक्रम कान्हा की नगरी मथुरा में होना था, लेकिन सनी वहां परफॉर्म कर पातीं उससे पहले ही साधु-संतों ने मिलकर सनी लियोन के इस कार्यक्रम के खिलाफ हो गए।
श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर के मुख्य याचिका कर्ता श्री कृष्ण जन्मभूमि के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र लिखकर सनी लियोन के होने वाले कार्यक्रम को तत्काल निरस्त करने की मांग की है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम मथुरा नगरी की मर्यादा, संस्कृति, गरिमा और आध्यात्मिक पहचान के विरुद्ध है। इस तरह के कार्यक्रम होने से कई लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचेगी। नए साल के मौके पर लाखों श्रद्धालु मथुरा वृंदावन जाकर भगवान का आशीर्वाद लेते हैं। वहीं इसी भूमि पर इस तरह के कार्यक्रम होने से लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है।
बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम इस बार होटल ललिता ग्रैंड और होटल द ट्रैक द्वारा प्रस्तावित था। वहीं जैसे ही यह सूचना बाहर आई संतों ने इसका विरोध किया और DM से इस तरह के कार्यक्रम करवाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
