Subedaar Release : बॉलीवुड के दिग्गज स्टार अनिल कपूर की मच अवेटेड फिल्म ‘सूबेदार’ अब सिनेमाघरों में नहीं बल्कि सीधे ओटीटी पर रिलीज की जाएगी। इस पॉलिटिकल एक्शन ड्रामा में अनिल कपूर लीड रोल में नज़र आएंगे, जो पुराने ज़माने की तरह बुरे लोगों से भिड़ेंगे। सूबेदार एक ऐसे आदमी की कहानी है जो उस सड़े हुए सिस्टम के खिलाफ लड़ता है जो आम आदमी की कमज़ोरी का फ़ायदा उठाता है।
कब और कहां रिलीज होगी
बीते दिन अनिल कपूर स्टारर फिल्म ‘सूबेदार’ का टीज़र रिलीज़ किया गया है, जिसमें ये भी बताया गया है कि इस प्राइम ओरिजिनल फिल्म का प्रीमियर 5 मार्च, 2026 को ओटीटी के प्लेटफ़ॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर होगा। इस फिल्म को सुरेश त्रिवेणी ने डायरेक्ट किया है और विक्रम मल्होत्रा, अनिल कपूर और सुरेश त्रिवेणी ने प्रोड्यूस किया है। यह भारत और दुनिया भर के 240 से ज़्यादा देशों और इलाकों में हिंदी, तमिल और तेलुगु में प्राइम वीडियो पर खास तौर पर स्ट्रीमिंग के लिए अवेलेबल होगी।
सूबेदार की कहानी
फिल्म की कहानी सूबेदार अर्जुन मौर्या (जो एक रिटायर्ड सैनिक है) के किरदार के इर्द गिर्द घूमती है और उनके ही मुश्किल सफ़र को दिखाती है। वह बदलती दुनिया में शांति पाने के लिए संघर्ष कर रहा है, जहां उसके पुराने उसूलों को लगातार चुनौती मिल रही है। फिल्म में अनिल कपूर की ज़बरदस्त परफॉर्मेंस है। वह क्राइम और करप्शन के खिलाफ लड़ते हुए टूटे हुए पारिवारिक रिश्तों को संभालते हुए सही बात के साथ खड़े नजर आएंगे।
स्टार कास्ट
सुरेश त्रिवेणी और प्रज्वल चंद्रशेखर की लिखी, सूबेदार में अनिल कपूर और राधिका मदान लीड रोल में हैं। साथ ही सौरभ शुक्ला, आदित्य रावल, फैसल मलिक और मोना सिंह भी अहम रोल में हैं। यह एक्शन ड्रामा ओपनिंग इमेज फिल्म्स का प्रोडक्शन है, जिसे अनिल कपूर फिल्म एंड कम्युनिकेशन नेटवर्क के साथ मिलकर बनाया गया है।
