Vijay-Rashmika Wedding : साउथ सिनेमा की चर्चित जोड़ी विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना अब अधिकारिक रूप से पति पत्नी बन चुके हैं। दोनों ने 26 फरवरी 2026 की सुबह उदयपुर में तेलुगु रीति-रिवाजों के साथ शादी रचाई और हमेशा के लिए पएक दूसरे के हो गए।
विजय और रश्मिका मंदाना की इस शादी का इंतजार फैंस लम्बे समय से कर रहे थे। लेकिन आपको बता दें, शादी का जश्न अभी खत्म नहीं हुआ है। यहाँ तो शादी का डबल डोज़ है। चलिए जानते हैं इस कपल की डबल वेडिंग और उनकी अनोखी रस्मों के बारे में।
इस शादी की सबसे मजेदार बात यह रही कि यह कोई बोरिंग रस्मों वाली शादी नहीं थी। 24 फरवरी से ही जश्न शुरू हो गया था, लेकिन इसमें सिर्फ हल्दी और मेहंदी नहीं, बल्कि ढेर सारा खेल-कूद भी शामिल था।
विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना के परिवारों के बीच एक क्रिकेट मैच हुआ, इतना ही नहीं सेलेब्स ने दोस्तों के साथ पूल वॉलीबॉल का आनंद लिया। अब दोनों ने एक रस्म से शादी कर ली। फैंस को अभी भी उनकी शादी की तस्वीरों का बेसब्री से इंतजार है।
तेलुगु शादी के बाद अब होगी कोडवा वेडिंग
तेलुगु शादी के बाद, आज यानी 26 फरवरी की शाम को दूसरी शादी होने जा रही है। बताया जा रहा है कि यह शादी शाम को 4 बजे से शुरु होगी। यह शादी रश्मिका मंदाना के होमटाउन यानी कर्नाटक के कोडगु (कूर्ग) क्षेत्र की ‘कोडवा’ परंपरा के अनुसार होगी।
कोडवा शादियां को स्थानीय भाषा में ‘मंगला’ कहते हैं। आम हिंदू शादियों से बिल्कुल अलग होती हैं। इस शादी में न तो कोई ब्राह्मण पंडित होता है और न ही अग्नि के चारों ओर फेरे लिए जाते हैं। यहां परिवार के बड़े-बुजुर्ग ही शादी की रस्मों को पूरा करवाते हैं। वे पवित्र दीपक के सामने पूर्वजों और देवी कावेरी (कावेरी अम्मा) को याद कर जोड़े को आशीर्वाद देते हैं।
फिलहाल शादी में मोबाइल के इस्तेमाल पर सख्त पाबंदी होने की वजह से अभी तक कोई भी तस्वीर सामने नहीं आयी है। वहीं विजय और रश्मिका ने भी अपनी शादी की कोई भी फोटो शेयर नहीं की है। ख़बरों के अनुसार यह न्यूली वेडेड कपल अपनी कोडवा वेडिंग पूरी करने के बाद ही रात तक सोशल मीडिया पर अपनी शादी का पहला ऑफिशियल लुक शेयर करेगा।
