Sanjay Khan Wife Death : वेटरन एक्टर संजय खान के परिवार से बुरी खबर सामने आई है। दरअसल, उनकी पत्नी जरीन कतरक ने 81 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा है। बताया जा रहा है कि जरीन कतरक का कार्डियक अरेस्ट के चलते निधन हो गया है। उनके निधन से बेटे जायद खान और बेटियां सुजैन खान, सिमोन अरोड़ा, फराह अली खान समेत पूरा परिवार सदमे में है। संजय खान की पत्नी जरीन कतरक के निधन के बाद एंटरटेनमेंट से जुड़े स्टार्स उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। बताते चलें कि जरीन कतरक ने भी कुछ फिल्मों में काम किया है।
जरीन कतरक ने बीती जुलाई में 81वां जन्मदिन मनाया था। उन्होंने काफी कम उम्र में एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। जरीन कतरक ने साल 1963 में रिलीज हुई फिल्म ‘तेरे घर के सामने’ से डेब्यू किया था। हालांकि, उन्होंने कुछ ही फिल्मों में काम किया है।
उन्होंने साल 1966 में एक्टर संजय खान से शादी कर ली थी। इसके बाद उन्होंने फिल्मों में काम नहीं किया. जरीन खान ना सिर्फ एक्ट्रेस रही हैं बल्कि वह पॉपुलर इंटीरियर डिजाइनर और राइटर रही हैं। संजय खान और जरीन खान के चार बच्चे जायद खान, सुजैन खान, सिमोन अरोड़ा, फराह अली खान हैं।
संजय खान और जरीन कतरक की लव स्टोरी की बात करें तो दोनों बस स्टॉप पर मिले थे। एक-दूसरे को पहली नजर देखते ही दोनों प्यार में पड़ गए. साल 1966 में दोनों ने शादी कर ली थी। अब साल 2025 में 59 साल बाद ये दोनों बिछड़ गए हैं।
84 साल के संजय खान भी अब एक्टिंग से दूरी बना चुके हैं। वह आखिरी बार साल 1989 में रिलीज हुई फिल्म ‘चिंगारी’ में नजर आए थे। हालांकि, संजय खान ने साल 2003 में टीवी सीरियल ‘महारथी कर्ण’ को डायरेक्ट और प्रोड्यूस किया था। बताते चलें कि संजय खान ने साल 1978 के दिसंबर में जीनत अमान से शादी कर ली थी। हालांकि, दोनों का ये रिश्ता साल 1979 के नवंबर में टूट गया था।
